कोरबा। कोरबा से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नगरीय निकाय चुनाव प्रचार में उतरे। उन्होंने कोरबा शहर में निकाय चुनाव के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आमसभा ली। मुख्यमंत्री ने अटल विश्वास पत्र (निकाय चुनाव का घोषणा) में किए गए हर वादे को पूरा करने का वादा किया। अपने भाषण में कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला।
कोरबा शहर के ओपन ऑडिटोरियम मैदान पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साल डबल इंजन की सरकार बनी और अब ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी। भाजपा सरकार राज्य में मोदी की हर गारंटी को पूरा कर रही है। 13 माह के कार्यकाल में ही अधिकांश गांरटी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा दो तीन दिनों के भीतर ही राज्य के 25 लाख से ज्यादा किसानों को अंतर राशि मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय जनता और राज्य की दुर्दशा हो गई थी। 5 साल तक केवल राज्य को लूटने का काम किया गया। छत्तीसगढ़ को अपराध का गढ़ बना दिया गया। कोयला, बालू, शराब और कोरबा में डीएमएफ में घोटाला किया गया। डीएमएफ घोटाले के कारण कोरबा की पूर्व कलेक्टर जेल में है। मुख्यमंत्री ने कहा एक आदिवासी मंत्री को मोहरा बनाकर शराब घोटाला किया गया। जिन्होंने भी इसका फायदा उठाया उनको भी जेल जाना पड़ेगा।
आमसभा को कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी संबोधित किया। देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निगम, कोरबा को एक साल में ही विकास के लिए 400 करोड़ रुपए जारी किए हैं। कोरबा जिले को 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो कभी इनकार नहीं करते हैं।