रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राज्य खेल अलंकरण समारोह 2024 में शिरकत की, जिसमें राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस समारोह का आयोजन रायपुर के पण्डित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया गया।

इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2021-22 और 2022-23 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल अलंकरण से सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों को भी शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने 97 पुरस्कारग्राही खिलाड़ियों को कुल 76 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की, वहीं पदक विजेता 502 खिलाड़ियों के बैंक खातों में 60.33 लाख रूपए स्थानांतरित किए गए। कुल मिलाकर खिलाड़ियों को 01 करोड़ 36 लाख 33 हजार रूपए की राशि दी गई।

विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे, शहीद कौशल यादव, वीर हनुमान सिंह, शहीद पंकज विक्रम, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्राफी से नवाजा गया। वर्ष 2021-22 के लिए 41 खिलाड़ियों को और वर्ष 2022-23 के लिए 56 खिलाड़ियों को ये प्रतिष्ठित सम्मान दिए गए।

समारोह में केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री  तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्रीगण, विधायकगण, और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। खेल और युवा कल्याण विभाग की सचिव  तनुजा सलाम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के कई जाने-माने खिलाड़ी भी शामिल हुए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!