बलरामपुर: अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) के अध्यक्ष और सहायक पुलिस महानिरीक्षक (यातायात) श्री संजय शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का दौरा किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दोहना ब्लैक स्पॉट और चिरई घाट ग्रे स्पॉट का निरीक्षण किया।

16 सितंबर 2024 को संजय शर्मा ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का मुआयना कर, सड़क सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग और आम नागरिकों को जागरूक करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों स्थानों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की और घटनास्थल का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। श्री शर्मा ने इन दुर्घटना स्थलों पर आवश्यक सुधार करने और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

इसके अतिरिक्त, श्री शर्मा ने हाईवे पेट्रोलिंग वाहन का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की जानकारी ली। हाईवे चालक मनोज कुजूर द्वारा उन्हें सभी उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस निरीक्षण के दौरान बलरामपुर यातायात टीम के साथ-साथ राजपुर और कुसमी थाना की टीमें भी मौजूद थीं, जिन्होंने अन्य ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी। श्री शर्मा के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करना था।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!