कोरिया। रामगढ़ सोलर प्लांट से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को कोरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के नाम देव कुमार सूर्यवंशी उर्फ देवा (25 वर्ष) और राज कुमार अगरिया (35 वर्ष) हैं, जो सिंघाड़ीपारा, रामगढ़ के निवासी हैं। इन्हें 21 अक्टूबर 2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार छोटेलाल सूर्यवंशी, जो रामगढ़ सोलर प्लांट का ऑपरेटर है, ने 21 अक्टूबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 8 अक्टूबर की रात प्लांट में ताला लगाकर वह अपने घर सोने चला गया था। 10 अक्टूबर को उसने देखा कि सोलर प्लांट का ताला टूटा हुआ था और वहां से 60 बैटरियों में से 4 बैटरियां गायब थीं। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 168/2024 के तहत धारा 303 बी.एन.एस. में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी देव कुमार सूर्यवंशी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की घटना को स्वीकार किया और बताया कि उसने अपने साथी राज कुमार अगरिया के साथ मिलकर 4 बैटरियों को चुराया था। आरोपियों ने बैटरियों को विक्रमपुर जंगल में ले जाकर तांबा निकालने के लिए तोड़ दिया और तांबा बेच दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बैटरी के कवर और प्लास्टिक को विक्रमपुर जंगल से बरामद किया।गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!