
रायपुर: हवा की दिशा बदलते ही छत्तीसगढ़ तीखी गर्मी से झुलसने लगा है। राजधानी रायपुर सहित अधिकतर क्षेत्रों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। इसकी वजह से पहली बार होली पर लू के आसार बन रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़त का ट्रेंड ऐसा ही बना रहेगा तो अगले कई वर्षों का रिकॉर्ड टूटेगा।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी डॉ. एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम हो गई है। इसकी वजह से मध्य छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। एक दिन पहले सबसे अधिक तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह रायगढ़ में मापा गया। आम तौर पर मार्च महीने में मध्य छत्तीसगढ़ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। बहुत कम अवसर ऐसा आया है जब तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंचा हो। वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में वृद्धि का यही ट्रेंड बना रहा तो महीने के अंत तक पिछले 10 सालों को रिकॉर्ड टूट जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया, प्रदेश में लगभग सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। ऐसे में यहां लू तो नहीं चलेगी. लेकिन लू जैसी स्थिति बन गई है। मार्च महीने में रायपुर के अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड 43.3 डिग्री सेल्सियस है। इससे पहले 28 मार्च को 1892 को रिकॉर्ड किया गया था। तबके बाद अब तक ऐसी गर्मी नहीं पड़ी।
कल अधिक ठंडा होगा बस्तर संभाग
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, 18 मार्च को दक्षिण छत्तीसगढ़ में दक्षिणी हवा आने की संभावना है। इसकी वजह से बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी।इसके उलट शेष छत्तीसगढ़ में उत्तर-पश्चिम हवाओं की वजह से अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड जारी रहेगा।
रायपुर में अभी ऐसी है स्थिति
राजधानी रायपुर में गुरुवार दोपहर तक तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। गर्मी का बढ़ना जारी था। एक दिन पहले यहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अंबिकापुर 33.5 डिग्री सेल्सियस तक गर्म हुआ।
जनजीवन पर दिखने लगा असर
गर्मी बढ़ने का असर जन-जीवन पर भी दिखने लगा है। बाजार में ग्रीन नेट की दुकान सज गई है। गली-मोहल्लों में कूलर का खस लगाने वालों के यहां भीड़ बढ़ी है। वहीं गन्ना जूस-आइसक्रीम-कुल्फी की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। बाजार में एसी, कूलर की मांग तेजी से बढ़ी है। दोपहर को सड़कों पर भीड़ कम दिख रही है। वहीं बाजारों की रौनक केवल त्यौहारी दुकानों में दिख रही है।



















