
बीजापुर: बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़गा में शनिवार सुबह माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED विस्फोट में एक ग्रामीण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना तब हुई जब महिला महुआ बिनने के लिए जंगल गई थी और इंद्रावती नदी के ताड़ोपोट घाट पर बर्तन धोने के बाद वापस लौट रही थी। घटना सुबह लगभग 6:30 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विस्फोट के कारण महिला के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें उसका बायां पैर घुटने से नीचे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैरमगढ़ में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती किया गया, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, जगदलपुर रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि वर्ष 2023-24 में भी इसी क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में बोड़गा के दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई थी। यह घटना माओवादियों की हिंसक गतिविधियों और निर्दोष ग्रामीणों पर इसके प्रभाव को दर्शाती है।