बिहार: बिहार के जहानाबाद जिले में बाबा सिद्धेश्वर नाथ के मंदिर में भगदड़ मच गई। 3 महिला समेत 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 35 श्रद्धालु घायल हुए हैं। ये घटना मखदुमपुर प्रखंड के वाणावर पहाड़ इलाके की है। भगदड़ की जानकारी मिलते ही मौके पर प्रशासन की टीम पहुंच गई। मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षा बलों और स्वयंसेवकों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है।सावन के सोमवार के चलते मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लगी हुई थी। भगवान शिव के जलाभिषेक के दौरान मंदिर में भगदड़ मच गई। काफी संख्या में श्रद्धालुओं की मौत हो गई और घायल भी हो गए। घायल श्रद्धालुओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने बताया कि सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में रविवार रात से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई थी। देर रात 1 बजे के आसपास ये भगदड़ मची है। मंदिर में मौजूद सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे तभी दर्जनों लोग मंदिर परिसर में ही गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।भगदड़ के बीच श्रद्धालु उनके ऊपर से होकर गुजरते रहे। इससे महिलाओं समेत कई श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि भगदड़ से मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।

बता दें कि पिछले महीने 2 जुलाई को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में भगदड़ में 120 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। भगदड़ नारायण हरि उर्फ भोले बाबा के एक धार्मिक कार्यक्रम में हुई थी। इस कार्यक्रम में 50 हाजर से अधिक लोग शामिल हुए थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!