जशपुर: जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए आरोपी महेंद्र राम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महेंद्र राम जो 1 सितंबर 2024 को हथकड़ी सहित पुलिस की हिरासत से फरार हो गया था जिससे कांसाबेल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी ने अनुसार 17 मई 2024 को रात के 12 से 5 बजे के बीच, प्रार्थी के घर के आंगन से उसकी पल्सर NS200 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG14 MS 4769) को अज्ञात चोरों द्वारा चुरा लिया गया। घटना के बाद, प्रार्थी ने सुबह उठकर देखा कि उसकी मोटरसाइकिल गायब है। आसपास खोजबीन करने के बाद भी जब मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला, तो प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।जांच के दौरान, पुलिस ने 1 सितंबर 2024 को आरोपी असमन यादव (उम्र 21 वर्ष) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में असमन यादव ने घटना की रात मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके बयान के आधार पर, चोरी की मोटरसाइकिल को गवाहों के सामने उसके घर से बरामद किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

आरोपियों की जांच के दौरान, महेंद्र राम और उसके एक साथी को भी 1 सितंबर 2024 को हिरासत में लिया गया। इन दोनों ने चोरी की गई बैटरी और मोटरसाइकिल के बारे में जानकारी दी। पुलिस जब इन्हें चोरी के सामान की बरामदगी के लिए गांव लेकर जा रही थी, तभी मौका पाकर दोनों आरोपी चलती गाड़ी से हथकड़ी सहित भाग निकले। यह घटना थाना बागबहार क्षेत्र के ग्राम सरईटोला में हुई। आरोपियों की फरारी के बाद, थाना बागबहार में इनके खिलाफ धारा 262 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया और विवेचना जारी रही।

पुलिस अधीक्षक जशपुर द्वारा इस मामले के फरार आरोपी महेंद्र राम की खोजबीन के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना पर 15 सितंबर 2024 को महेंद्र राम को उसके गांव सरईटोला से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, महेंद्र ने चोरी की गई मोटरसाइकिल और बैटरी छुपाने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही उसने फरारी के दौरान हथकड़ी को जंगल में छुपाने की बात भी बताई। पुलिस ने महेंद्र राम के मेमोरण्डम के आधार पर चोरी की गई बैटरी और हथकड़ी की जंजीर बरामद की।

इस पूरे मामले की जांच और गिरफ्तारी में निरीक्षक गौरव पांडेय, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार केरकेट्टा, आरक्षक शिवचंद भगत, और आरक्षक शरद बेहरा ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि फरार आरोपी महेंद्र राम को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!