
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर भारत में गर्मी की तपिश बरकरार है। यूपी, दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में पारा काफी अधिक है और जल्द कोई बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम बदल जाएगा। वहीं, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर आदि में हल्की बारिश के आसार हैं। उत्तर भारत के कई राज्यों में हो रही बारिश के चलते उत्तर प्रदेश में भी तापमान में दो से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा रही थी। इसकी वजह से लू से भी राहत मिल रही थी, दिन भर छाए बादलों की वजह से मौसम कुछ सुहाना था। दो दिन बाद यानी 15 तारीख से तापमान बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा है। इसके साथ ही लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार को पंजाब और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश व गरज के साथ बौछार भी पड़ सकती है। इससे गर्मी से राहत मिल सकती है। दिल्ली एनसीआर में आंशिक तौर पर छाए रहेंगे बादल। 20 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी हवा।
इन राज्यों में आज बारिश की संभावना
स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। शेष पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, दक्षिण कर्नाटक, लक्षद्वीप, जम्मू कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश संभव है।
इन राज्यों में हल्की धूल भरी आंधी चलने की संभावना
स्काईमेट वेदर के मुताबिक हरियाणा और उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी या हल्की धूल भरी आंधी आ सकती है।हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली और एनसीआर में के कुछ हिस्सों में धूल भरी हवाएं चल रही हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव की स्थिति संभव है।
उत्तर-पश्चिम भारत में दो से तीन डिग्री गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी आरके जेनामणि ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी के प्रकोप का प्रमुख चरण खत्म हो रहा है और बादलों की मौजूदगी बढ़ने की वजह से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में गर्मी का प्रकोप गुरुवार से कम होगा। उन्होंने कहा कि पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ पहले ही उत्तर-पश्चिम भारत में अपना प्रभाव दिखा रहा है। पिछले 50 दिनों में बारिश नहीं होने की वजह से 122 साल में देशव्यापी तापमान उच्चतम था। 16 अप्रैल के आसपास राजस्थान में लू की स्थितियां बन सकती हैं। 18 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ संभव है।
राजधानी दिल्ली में पारा फिर 40 के पार, पर लू से राहत बरकरार
एक दिन की आंशिक राहत के बाद बुधवार को दिल्ली का तापमान फिर से 40 डिग्री के पार चला गया। दिन भर तेज धूप खिली रही। लू भले ही न चली हो, लेकिन भीषण गर्मी ने बुरा हाल कर रखा है। दोपहर में बाहर निकलना ही नहीं, ट्रैफिक सिग्नल पर रुकना भी मुश्किल भरा रहा। खासकर पैदल राहगीरों और दोपहिया चालकों की हालत तो देखने लायक थी। मौसम विभाग की मानें तो अभी करीब एक सप्ताह ऐसी ही स्थिति रहेगी। गुरुवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को 20 से 30 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा में नमी का स्तर 16 से 76 प्रतिशत रहा। रिज एरिया और स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स दिल्ली के सबसे गर्म इलाके रहे। रिज में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 41.5 डिग्री और काम्प्लेक्स में न्यूनतम तापमान सर्वाधिक 27.0 डिग्री रिकार्ड किया गया।



















