
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
दिल्ली,जम्मू, जेएनएन : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अरनिया सेक्टर की भूलेचक पोस्ट पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ करने का प्रयास कर रहे पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया है। घुसपैठिये को मार गिराने से पहले जवानों ने उसे कई बार चेतावनी भी दी परंतु जब वह पीछे नहीं हटा तो जवानों ने गोली चलकार उसे वहीं ढेर कर दिया। घुसपैठिये का शव अभी सीमा के नजदीक ही पड़ा हुआ है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज तड़के अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की आवाज सुनकर सीमांत लोगों में दहशत का माहौल फैल गया। पहले तो लगा कि सीमा पर भारत-पाकिस्तान जवानों में गोलीबारी का सिलसिला शुरू हो गया परंतु यह गोलीबारी कुछ ही समय के लिए थी। बाद में जानकारी मिली कि सीमा सुरक्षा बल के सतर्क जवानों ने अरनिया के पोप भूले चक सेक्टर में एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया है। धुंध की आड़ में यह पाकिस्तानी घुसपैठिया भारतीय सीमा में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। बीएसएफ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धुंध में सीमा पार से एक अज्ञात व्यक्ति को भारतीय सीमा की ओर बढ़ते हुए देखा गया। जैसे ही वह व्यक्ति भारतीय सीमा के नजदीक पहुंचने लगा, उसे चेतावनी दी गई। चेतावनी के बाद भी वह निरंतर भारतीय सीमा की ओर बढ़ता रहा। एक बार फिर उसे वापस लौटने को कहा गया परंतु जैसे ही उसने भारतीय सीमा की हद में पांव रखा, बीएसएफ के जवानों ने गोलीबारी की उसे वहीं ढेर कर दिया। घुसपैठिये का शव अभी भी सीमा पर पड़ा दिख रहा है। आपको बता दें कि गत दिसंबर में भी बीएसएफ के जवानों ने आरएसपुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अल्लाह माई दे कोठे पोस्ट पर एक महिला पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया था। मारे जाने वाली महिला आतंकवादियों की गाइड बताई जाती है। इसके अलावा इस रविवार को नियंत्रण रेखा से सटे केरन सेक्टर में भी जवानों ने पाकिस्तानी सेना की मदद से भारतीय सीमा में घुसपैठ करने का प्रयास कर रहे एक घुसपैठिये को मार गिराया। मारे गए घुसपैठिये की पहचान मोहम्मद शब्बीर मलिक के तौर पर हुई और उसके पास से एके-47 और उसकी सात मैगजीन भी बरामद हुई।



















