
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। यह लगातार दूसरा दिन है जब दिल्ली-एनसीआर में दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई है। इससे पहले गुरुवार को भी दिल्ली और नोएडा के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी। इससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में शुक्रवार के लिए आरेंज अलर्ट जारी करते हुए मध्यम वर्षा और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के अलावा तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज देश के कई अन्य राज्यों में गरज चमक और तेज हवा के साथ बारिश होगी। स्काईमेट वेदर के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली और एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। उत्तर और पूर्वी राजस्थान, गुजरात के कुछ हिस्सों और पश्चिमी एमपी में हल्की बारिश संभव है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, लक्षद्वीप लक्ष्यदीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, विदर्भ, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
भारी बारिश ने पूर्वोत्तर के राज्यों में मचाई तबाही
भारी बारिश ने पूर्वोत्तर राज्यों के बड़े इलाकों में तबाही मचाई है। पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के बड़े इलाकों में गुरुवार को भारी बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक इस क्षेत्र में और बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि 16 से 18 जून तक असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।
बिहार, झारखंड, ओडिशा में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां कई राज्यों में बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अगले पांच दिनों तक बारिश, आंधी तूफान के आसार हैं। झारंखड में 16 से 19 जून, बंगाल में 16 से 17 जून और बिहार में 15 से 19 जून तक भारी बारिश होने वाली है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में भी 5 दिनों तक तेज बारिश होगी।
उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम सुहना हो गया। कुछ जिलों में बारिश हुई तो कहीं बादल छाए है। मौसम का मिजाज बदलने से प्रदेश के लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। जिला मुख्यालय नई टिहरी, यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी क्षेत्र, रुद्रप्रयाग व चमोली में बारिश हुई। यहां बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और मानसून की दस्तक के पहले मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
तेज गति से आगे बढ़ रहा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक जब मानसून तेज गति के साथ आगे बढ़ रहा है। कई राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। फिलहाल उत्तरी अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात, दक्षिण मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और मानसून अपनी तय रफ्तार से धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है।



















