
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
नई दिल्ली, एजेंसी। देश की तीन लोकसभा व सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में अधिकांश सीटों के परिणाम आ गए है। उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट पर भाजपा की जीत दर्ज हो गई है। वहीं आजमगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। वहीं पंजाब की संगरूर सीट पर बड़ा उलटफेर दिखाई दे रहा है। यहां शिरोमणि अकाली दल(अमृतसर) के प्रत्याशी सिमरनजीत सिंह मान जीत गए है। त्रिपुरा में सीएम मानिक साहा ने टाउन बारडोवली सीट से जीत दर्ज की है। देशभर की 10 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों की अपडेट
रामपुर में भाजपा में जीत, आजम खान को झटका
लोकसभा उपचुनाव पर रामपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। यहां भाजपा के धनश्याम लोधी ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आसिम राजा को हरा दिया है। रामपुर में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। भगवा पार्टी ने आजम खां के गढ़ में समाजवादी पार्टी को पटखनी दी है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी को 366457 मत मिले हैं। सपा प्रत्याशी असीम रजा को 324782 मत मिले हैं।
आजमगढ़ में निर्णायक बढ़त की ओर भाजपा प्रत्याशी निरहुआ
भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ को 220041 मत मिले। सपा के धमेंद्र यादव को 209187 वोट जबकि बीएसपी के गुड्डू जमाली को 181175 वोट मिले। निरहुआ 10854 वोटों से निर्णायक बढ़त की ओर हैं।
संगरुर में मान की जीत
विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने वाली आम आदमी पार्टी अपनी जमीन खोती दिख रही है। अकाली दल अमृतसर के सिमरनजीत सिंह मान चुनाव जीत गए है। सिमरनजीत सिंह मान 8000 से अधिक मतों से जीते हैं, लेकिन इस बारे में अभी आधिकारिक रूप से कोई घोषणा नहीं की गई है। संगरूर उपचुनाव में हार के साथ ही लोकसभा में अब आम आदमी पार्टी को कोई सदस्य नहीं बच गया है। इस सीट पर भगवंत मान दो बार जीते थे, लेकिन पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया।
राजिंदर नगर सीट पर आप का कब्जा
दिल्ली की राजिंदर नगर विधानसभा सीट पर बीते दिनों हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है। आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को 10867 वोटों से जीत मिली है, जबकि 27304 वोटों के साथ भाजपा के राजेश भाटिया दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, कांग्रेस एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी केवल 1696 वोट ही हासिल कर पाई।
मांडर में कांग्रेस प्रत्याशी आगे
झारखंड की राजधानी रांची के मांडर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है। सातवें चरण में सत्ताधारी गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की को अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की गंगोत्री कुजूर से कड़े मुकाबले में 4,957 मतों की बढ़त हासिल हो गई है।
आंध्र प्रदेश: आत्मकूर में वाईएसआर कांग्रेस की जीत
आंध्र प्रदेश की आत्मकूर सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की है। यहां प्रत्याशी एम. विक्रम रेड्डी ने 82,742 वोटों से अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के जी भरत कुमार को हराया है।
त्रिपुरा विधानसभा में बीजेपी को 3 कांग्रेस को 1 सीट पर जीत
त्रिपुरा में चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है। त्रिपुरा की टाउन बारडोवली सीट से भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री मानिक साहा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने 6104 वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं यहां की जबराजनगर व सूरमा सीट भी भाजपा ने जीत ली है। अगरतला में कांग्रेस प्रत्याशी सुदीप रॉय बर्मन जीत दर्ज कर लिए है।



















