दुर्ग: दुर्ग जिले में रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हुआ। इसमें एक तेज रफ्तार कार चालक की लापरवाही से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दो अन्य कारें भी ट्रक के पीछे जा घुसीं। इनमें सवार 8 लोग घायल हैं। भिलाई तीन पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भिलाई तीन पुलिस ने बताया कि वार्ड 44 श्रीराम चौक खुर्सीपार निवासी संदीप सिंह (32) अपनी पत्नी को साथ बाइक से भिलाई तीन की ओर जा रहा था। इस दौरान कार सीजी 04 एमडी 8137 को काफी तेज रफ्तार में मनोज नाम का युवक लापरवाही पूर्वक चलाते हुए आया और बाइक टक्कर मार दिया। कार की टक्कर से संदीप सिंह दूर जा गिरा। उसने सिर में गहरी चोट आने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसकी पत्नी को भी काफी चोटें आई हैं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया गया है।
बाइक को टक्कर मारने के बाद मनोज ने कार नहीं रोकी। वह और तेज रफ्तार में कार को लेकर डबरापारा चौक की तरफ भागा। कार इतनी तेज रफ्तार में थी मनोज खुद को नहीं संभाल सका। वह डबरापारा चौक के पास खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। उसके चलते एक चार पहिया वाहन और ट्रक से जा टकराया। इससे उसके परखच्चे उड़ गए। इस वाहन में सवार सात लोगों को गहरी चोटें आई हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।



















