[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]

नई दिल्ली, जेएनएन। कई दिनों से रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे तनाव ने गुरुवार सुबह युद्ध की शक्ल ले ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर युद्ध का एलान कर दिया। युद्ध की घोषणा होते ही रूस ने राजधानी कीव पर हमला बोलना शुरू कर दिया। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने मिसाइल से भी हमला किया है। यूक्रेन ने भी रूसी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने का एलान किया है। आपको बताते हैं कि रूस और यूक्रेन के बीच इस जंग में अब तक क्या-क्या बड़े अपडेट्स हैं।
हमले के 10 बड़े अपडेट
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार सुबह यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई का आदेश दिया। रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई जगहों पर बमबारी की। अभी भी धमाकों की आवाज सुनी जा रही है। रूस ने यूक्रेन के एयर बेस और सैन्य अड्डे को उड़ाने का दावा किया है। यूक्रेन की सेना ने बताया कि रूसी सेना ने देश के पूर्वी हिस्से में उसके ठिकाने पर बमबारी की है।समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि लुहान्स्क क्षेत्र में पांच रूसी विमानों और एक रूसी हेलीकाप्टर को मार गिराया गया है। यूक्रेन ने रूस के हमले के बाद मार्शल ला लागू कर दिया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर हमला शुरू कर दिया है।यूक्रेन में रूस के हवाई हमलों से बचने के लिए लगातार सायरन बजाए जा रहे हैं। हमलों से बचने के लिए कीव में नागरिक भूमिगत मेट्रो स्टेशनों की ओर जा रहे हैं।यूक्रेन पर हमले को लेकर भारत ने चिंता जाहिर की है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में हुई बैठक में भारत ने दोनों देशों से तनाव कम करने का आग्रह किया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि हम तत्काल डी-एस्केलेशन का आह्वान करते हैं और आगे की किसी भी कार्रवाई से परहेज करते हैं जो स्थिति को बिगड़ने में योगदान दे सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस हमले की निंदा की है। बाइडन ने कहा कि ये हमला अनुचित है।यूएनएससी की बैठक में रूस के प्रतिनिधि ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जिस स्पेशल आपरेशन का ऐलान किया है, वह यूक्रेन के लोगों को बचाने के लिए है। वहां के लोग सालों से पीड़ित हैं। हमने यूएन चार्टर के आर्टिकल 51 के हिसाब से फैसले लिए हैं। एयर इंडिया की फ्लाइट (AI1947) यूक्रेन के कीव में NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन) के कारण दिल्ली वापस आ गई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन में ‘सैन्य अभियान’ की घोषणा के बाद यूक्रेन में कच्चे तेल की कीमत 100 डालर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!