
खरीदी केन्द्रों में उत्सव जैसा माहौल, अपना धान लेकर समितियों में पहुंच रहे हैं किसान
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न समितियों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बलरामपुर। कलेक्टर कुन्दन कुमार व पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने विकासखंड बलरामपुर के कपिलदेवपुर स्थित धान उपार्जन केंद्र में विधिवत पूजा-अर्चना उपरांत फीता काटकर जिले में धान खरीदी की शुरुआत की। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में कृषकों द्वारा तराजू की पूजा अर्चना कर खरीदी प्रारंभ किया गया।

कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने कपिलदेवपुर समिति प्रबंधक से सामान्य तथा वनाधिकार पत्र धारी सहित कुल किसानों की संख्यात्मक जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केवल जिले के पंजीकृत किसानों से ही धान की खरीदी की जाएगी। कोचियों व बिचौलियों का धान बिल्कुल नहीं खरीदा जाएगा, साथ ही कृषको से कहा कि अपनी ऋण पुस्तिका किसी को भी ना दें। कलेक्टर श्री कुमार ने उपार्जन केंद्र में संधारित की जाने वाली 9 पंजी मुख्यतः स्टॉक व बारदाना पंजी का अवलोकन किया तथा सभी पंजीयन को नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारदाना पंजी में नया, पुराना, किसान तथा राइस मिलर के पंजियों की जानकारी अलग-अलग कॉलम में एंट्री करें ताकि बारदानों की उपलब्धता की जानकारी हो।कपिलदेवपुर धान खरीदी केंद्र में व्यवस्थाओं को देख कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने प्रसन्नता जाहिर की तथा स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा खरीदी केंद्र में कोविड-19 जांच तथा वैक्सीनेशन की व्यवस्था करने पर स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साह वर्धन किया। ज्ञात है कि कलेक्टर के निर्देश पर सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा, स्वास्थ्य जांच के साथ ही कोविड-19 टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।तत्पश्चात कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक विकासखंड बलरामपुर के बड़कीमहरी धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान खरीदी की शुरुआत की। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए शासन की मंशा अनुरूप जिले के 42 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने धान उपार्जन केंद्रों का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विकासखंड बलरामपुर के बड़कीमहरी धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर विधिवत जिले में धान खरीदी की शुरुआत की। विदित हो कि इस वर्ष जिले के 43 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के उपरांत धान खरीदी का कार्य शुरू हो चुका है। कलेक्टर ने धान खरीदी के पूर्व ही एहतियात के तौर पर अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ना केवल धान खरीदी केंद्र की व्यवस्था बल्कि अवैध परिवहन तथा बिचौलियों कोचियों का धान रोकने के लिए समिति प्रबंधकों, ऑपरेटरों की फेरबदली की है तथा सभी धान खरीदी केंद्रों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर सतत् निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं।



















