
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
पटना। बिहार पंचायत चुनाव के अंतिम चरण की 17,286 सीटों के लिए कुल 62.81 प्रतिशत वोट पड़े। पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में 20 जिलों के 38 प्रखंडों की 568 पंचायतों में 8067 बूथों पर मतदाताओं ने जिला परिषद सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, सरपंच व पंच के 63,718 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर दिया। अब आज मतगणना में इसके नतीजे आने शुरू हो चुके हैं। सुबह आठ बजे से मतगणना हो रही है। केंद्रों के बाहर उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी व्यवस्था की गई है। मतगणना के पल-पल के अपडेट व नतीजों की जानकारी के लिए लगातार बने रहिए हमारे साथ। 10:15 AM- बेगूसराय के तेघड़ा प्रखंड की पिढ़ौली पंचायत से मुखिया पद पर अनुराग उर्फ सन्नी 700 वोट से विजयी रहे हैं। मुजफ्फरपुर के कटरा प्रखंड की हथौडी पंचायत से इश्तेयाक अहमद मुखिया का चुनाव जीते। मुजफ्फरपुर के कटरा प्रखंड की बेरई ऊतरी पंचायत से मुखिया पद पर अभिमन्यु ऊर्फ अंकित कुमार की जीत हुई है।
10:00 AM- पटना के फुलवारीशरीफ की फरीदपुर रामपुर पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया नीरज कुमार को अज्ञात अपराधियों ने मारी। मुखिया को तीन गोली मारे जाने की सूचना मिली है। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। नीरज कुमार दूसरी बार मुखिया निर्वाचित हुए थे।
09:54 PM- पटना के दानापुर मतगणना केंद्र पर ऑबजर्बर खुर्शीद अनवर सिद्दीकी व अनुमंडलाधिकारी विक्रम विरकर पहुंचे। इस बीच दानापुर से पहला परिणाम पतलापुर से गीता देवी के पक्ष में रहा। उन्होंने निवर्तमान मुखिया सुनीता कुमारी को हराया।
09:48 AM- पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा की जैतापुर पंचायत से राजीव सिंह मुखिया पद पर निर्वाचित। वहां राजकुमारी सिंह पंचायत समिति सदस्य पद पर विजयी। रक्सौल की पुरंदरा पंचायत से मुखिया प्रत्याशी श्रीनट ने आलोक राय नट को हराया।
09:30 AM- पटना के मनेर के मगर पाल से पहला परिणाम मैनेजर राय के पक्ष में आया है। मैनेजर राय ने निवर्तमान मुखिया राम सुजान को हराया है।
09:20 AM- भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड की लालू के डेरा पंचायत से पहली बार 76 वर्षीय आठवीं पास जयराम साह 211 वोट से जीते। वहां निवर्तमान मुखिया पारस साह तीसरे स्थान पर रहे। बेगूसराय के तेघड़ा प्रखंड की पिढ़ौली पंचायत से मुखिया पद पर अनुराग उर्फ सन्नी 700 वोटों से जीते।09:00 AM- मतगणना जारी है। अब नतीजे आने शुरू हो गए हैं। पूर्वी चंपारण के भेलाही से मुखिया प्रत्याशी सुमन पटेल लगभग 1400 मतों से जीत गईं हैं। मतगणना केंद्रों के बाहर उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ उमड़ रही है। अब कुछ देर बाद से रिजल्ट आने शुरू हो जाएंगे।
08:30 AM- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 के अंतिम चरण में पटना जिले के मनेर प्रखंड की 19 पंचायतों के नतीजे आज आएंगे। सुबह आठ बजे से इन पंचायतों के लिए मतगणना शुरू हो गई है। मतगणना दो दिनों तक चलेगी। मतगणना केंद्र के बाहर सुबह 7 बजे से ही उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी हुई है। काउंटिंग सेंटर के अंदर और बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्य द्वार पर तैनात अधिकारियों ने जिन लोगों को पास बना है, सिर्फ उन्हें ही काउंटिंग सेंटर में प्रवेश करने की इजाजत दे रहे हैं। मतगणना के परिणाम को लेकर समर्थकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। मतगणना स्थल के बाहर लोग अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी कर रहे हैं। मतगणना स्थल के बाहर उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं।
08:00 AM- सुबह आठ बजते ही बिहार के 20 जिलों में पंचायत चुनाव के आखिरी चरण की मतगणना शुरू हो गई है। वार्ड सदस्य पद के चुनाव नतीजे सबसे पहले आने की उम्मीद है, क्योंकि इन पदों के लिए एक ही ईवीएम का इस्तेमाल होता है। सुबह नौ बजे तक मुखिया पद के नतीजे भी आने लगेंगे।
07:30 AM- बिहार में 24 सितंबर से 12 दिसंबर के बीच 11 चरणों में पंचायत चुनाव के लिए मतदान हुए। हर चरण की वोटिंग खत्म होने के साथ ही मतगणना होती रही। नतीजे वोटिंग के 72 घंटे बाद चरणवार सामने आते रहे। सभी चरणों को मिला दें तो कुल 2 लाख 59 हजार 260 पदों पर चुनाव हुआ। इनमें मुखिया के 8387 व सरपंच के 8387 पद शामिल रहे। वार्ड सदस्य के 1 लाख 14 हजार 667, पंचायत समिति के 11491, जिला परिषद सदस्य के 1161 तथा पंच के एक लाख 14 हजार 667 पदों पर चुनाव हुआ है।
07:00 AM- बिहार में इस वर्ष आई बाढ़ के कारण पंचायत चुनाव को 11वें चरण तक विस्तार देना पड़ा था। इस चरण में ज्यादातर उन इलाकों में ही मतदान हुआ था, जो आखिरी वक्त तक बाढ़ से प्रभावित रहे थे। इन प्रखंडों में मतगणना की प्रक्रिया बुधवार तक संपन्न हो जाएगी। इसके साथ ही करीब ढाई महीने से चल रही पंचायत चुनाव की कवायद भी समाप्त हो जाएगी।
06:30 AM- बिहार पंचायत चुनाव के 11वें व अंतिम चरण में 20 जिलों के 38 प्रखंडों की 568 पंचायतों में 8067 बूथों पर वोटिंग हुई थी। इसमें 17,286 सीटों के लिए 63,718 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम एवं मतपेटिकाओं में बंद हो गई। अब आज इसके नतीजे सामने आएंगे।
06:00 AM- बिहार पंचायत चुनाव के 11वें व अंतिम चरण में कुल 62.81 प्रतिशत वोट पड़े हैं। इसमें 59.98 प्रतिशत पुरूष व 65.65 प्रतिशत महिलाओं ने वोट दिए हैं। सर्वाधिक 71.48 प्रतिशत मतदान पश्चिमी चंपारण में तो न्यूनतम 53.32 प्रतिशत मधुबनी में हुआ।



















