
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
अंबिकापुर। भगवान सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के दिन मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। इस दिन ही सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण होते हैं। अगले छह माह सूर्य उत्तरायण में रहेगें। जिसे पुराणों में देवताओं का दिन माना जाता है। इसके साथ ही इस दिन खरमास की भी समाप्ति हो रही है। मकर संक्रांति के बाद से शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरूआत हो जाएगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी को मनाया जाएगा। जो कि इस साल 15 जनवरी तक रहेगा। मकर संक्रांति के दिन पवित्र नदियों में स्नान करने और दान का विशेष महत्व है। आइए जानते हैं ज्योतिषाचार्यों के अनुसार मकर संक्रांति पर किन वस्तुओं का दान देने से क्या लाभ होता है।
1-उड़द की खिचड़ी का दान –
मकर संक्रांति के दिन उरद की दाल और चावल से बनी खिचड़ी का दान करना सबसे शुभ माना जाता है। इस दिन जरूरतमंद को खिचड़ी का दान करने से घर से दुख-दारिद्रय की समाप्ति होती है और सौभाग्य का आगमन होता है। खिचड़ी दान के कारण ही इस दिन को खिचड़ी भी कहा जाता है।
2-काले तिल का दान –
मकर संक्रांति के पर्व में तिल और गुड़ का भी विशेष महत्व है। इस दिन तिल-गुड़ खाने और उसका दान देने की परपंरा है। इस दिन काले तिल का दान करने से शनिदोष से मुक्ति मिलती है। मकर संक्राति के दिन सूर्य शनि देव के दूसरे घर मकर राशि में प्रवेश करते हैं। शनि के निमित्त काले तिल का दान विशेष लाभप्रद होता है।
3- गुड़ का दान –
गुड़ का संबंध ज्योतिषशास्त्र में गुरु ग्रह और सूर्य देव से माना जाता है। इसलिए मकर संक्रांति के दिन गुड़ का दान करने से सूर्य देव आरोग्य का वर प्रदान करते हैं। साथ ही इस दिन तांबे के लोटे में गुड़ डाल कर सूर्य देव अर्घ्य प्रदान करना, सभी मनोकामनाओं की पूर्ति करता है।
4- शुद्ध घी का दान –
मकर संक्रांति के दिन शुद्ध घी का दान नौकरी और व्यापार के क्षेत्र में सफलता प्रदान करता है। इस दिन शुद्ध घी के दिए जला कर भगवान सूर्य का पूजन करना चाहिए।
5- कंबल का दान –
मकर संक्रांति के दिन जरूरतमंद व्यक्ति को कंबल का दान करने से राहु ग्रह के दोष की समाप्ति होती है।



















