
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत के पहाड़ों पर लगातार हिमपात होने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। उत्तराखंड में जहां बदरीनाथ, केदारनाथ समेत अन्य चोटियों में हिमपात हो रहा है और निचले इलाकों में सर्द हवाएं दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। वहीं, हिमाचल में अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल में बर्फीले तूफान ने वाहन चालकों समेत पुलिस कर्मचारियों की दिक्कत भी बढ़ा दी। शुक्रवार को मनाली के साथ लगते सोलंगनाला में हिमपात के कारण 500 से अधिक पर्यटन वाहन फंस गए हैं।
तीन दिन तक शीत लहर चलने की आशंका
इन सभी को रात करीब नौ बजे रेस्क्यू कर लिया गया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में ठंड से तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन शीत लहर चलने की आशंका जताई है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बच्चों और बुजुर्गो के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, केदारनाथ में बर्फबारी
उत्तराखंड में शुक्रवार को सुबह से ही प्रदेशभर में हल्के बादलों के बीच सर्द हवाएं चलती रहीं। दोपहर में हल्की धूप के बावजूद कंपकंपी बढ़ गई। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, गौरसों, केदारनाथ समेत अन्य ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। इसके बाद सर्द हवाएं चलने से प्रदेशभर में पारे ने गोता लगाया और कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी। शाम होते ही शहरों में अलाव जला दिए गए।
कहां रह सबसे ज्यादा ठंड
स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
शिमला,-0.2, 6.9
कुफरी,-2.0, 1.5
केलंग,-8.0, -4.1
गुलमर्ग, -8.6, 2.2
श्रीनगर, -3.8, 9.3
पहलगाम, -5.6, 5.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
रोहतांग में बर्फीला तूफान
हिमाचल में शुक्रवार को बारालाचा, कुंजुम व रोहतांग दर्रो में आधा फीट ताजा हिमपात हुआ। रोहतांग दर्रे में गुरुवार रात बर्फीले तूफान के कारण फाहे मनाली तक पहुंच गए। भरमौर में हिमपात के कारण दिनकाधार से बसें नहीं लौट पाई। हिमाचल में बर्फबारी के चलते में 34 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। वहीं, कुछ जगह बिजली की दिक्कत भी बनी हुई है।
जम्मू ने ओढ़ी कोहरे की चादर, ठिठुरन बढ़ी
पिछले दो दिन से ठिुठर रहे जम्मू संभाग में शुक्रवार को भी भीषण ठंड जारी है। जम्मू शहर व साथ लगते इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया जो सूर्य निकलने के साथ कम हुआ। शुक्रवार को पूरा दिन शीतलहर ठिठुरने को मजबूर कर गई।



















