
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
कीव, एजेंसी। रूस और यूक्रेन के बीच जंग ने अब भीषण रूप ले लिया है। रूस लगातार यूक्रेन के शहरों को हवाई हमले के जरिए निशाना बना रहा है। जंग के 19वें दिन तक यूक्रेन के कई शहर रूसी हमले में तबाह हो गए हैं। वहीं, इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध पर चर्चा करने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की। उन्होंने हाल की राजनयिक गतिविधियों की समीक्षा की और रूस को उसके कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराने और यूक्रेन की सरकार और लोगों का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उधर, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को नाटो से अपने देश को नो-फ्लाई जोन घोषित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मैं दोहराता हूं कि यदि आप हमारे आकाश को बंद नहीं करते हैं, तो यह रूसी मिसाइलें आपके क्षेत्र में, नाटो क्षेत्र पर और नाटो नागरिकों के घरों पर गिरेंगी।
कीव में एक व्यक्ति की मौत, तीन लोग घायल
समाचार एजेंसी रायटर के मुताबिक, यूक्रेन के कीव में आज सुबह एक आवासीय इमारत में एक गोला गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए हैं।
चीन ने अमेरिका पर लगाया दुष्प्रचार का आरोप
रूस-युद्ध यूक्रेन के बीच चीन ने अमेरिका पर उसके खिलाफ दुष्प्रचार का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, चीन का कहना है कि यूक्रेन भूमिका पर अमेरिका उसके खिलाफ ‘दुष्प्रचार’ फैला रहा है।
10 मानवीय कोरिडोर पर बनी सहमति
यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री का कहना है कि 10 मानवीय कोरिडोर पर 14 मार्च को सहमति बन गई है। समाचार एजेंसी रायटर ने इसकी जानकारी दी है।
रूस की एयरस्ट्राइक में एक व्यक्ति की मौत
रूसी सेना लगातार यूक्रेन पर हमले कर रही है। इसी बीच रूस की ओर से मायकोलाइव ओब्लास्ट के स्निहुरिवका शहर पर हवाई हमले किए गए। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि पांच घरों को नुकसान हुआ है।
रूस में इंस्टाग्राम पर लगा प्रतिबंध
यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने इंस्टाग्राम पर बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, रूस में आज से इंस्टाग्राम पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
थोड़ी देर में होगी चौथे दौर की वार्ता
यूक्रेनी और रूसी प्रतिनिधिमंडल के बीच स्थानीय समयानुसार थोड़ी देर बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चौथे दौर की वार्ता शुरु होगी।
रूस की विदेशी कंपनियों को खुली धमकी
विदेशी कंपनियों द्वारा पाबंदी लगाने को लेकर रूस भड़क उठा है। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने विदेश कंपनियों को धमकी दी है। रूस ने कहा है कि कोका-कोला, मैकडानल्ड्स, प्राक्टर एंड गैंबल, आईबीएम सहित कई विदेशी संस्थाओं के अधिकारियों की गिरफ्तारी हो सकती है। साथ ही उनकी संपत्ति भी जब्त की जा सकती है।
आस्ट्रेलिया ने रूस के 33 लोगों पर लगाया प्रतिबंध
यूक्रेन पर हमले के बाद रूस के खिलाफ दुनिया भर के देश लगातार पाबंदियां लगा रहे हैं। इसी बीच आस्ट्रेलिया ने रूस के आर्थिक और रणनीतिक महत्व वाले लोगों पर प्रतिबंध लगाए हैं। द कीव इंडिपेंटेंड के मुताबिक, इनमें ओलिगार्च रोमन अब्रामोविच, गजप्रोम के सीइओ एलेक्सी मिलर और रोसिया बैंक के अध्यक्ष दिमित्री लेबेदेव शामिल हैं।
निकासी के लिए चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
युद्ध के बीच यूक्रेन के खार्किव, डीनिप्रो, क्रिवी रिहो से अतिरिक्त निकासी ट्रेनें शुरू की गई है। द कीव इंडिपेंटेंड ने बताया कि खारकीव से दो ट्रेनें ल्वीव और उजहोरोड के लिए उपलब्ध रहेंगी।
रूस ने चीन से सैन्य और आर्थिक सहायता मांगी
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक रूस ने यूक्रेन में युद्ध के लिए चीन से सैन्य और आर्थिक सहायता मांगी है। साथ ही बीजिंग ने आक्रमण के लिए सीधे मास्को की निंदा करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि नाटो के “पूर्व की ओर विस्तार” रूस और यूक्रेन के बीच बिगड़ते तनाव के लिए जिम्मेदार है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की का बयान
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को नाटो से अपने देश को नो-फ्लाई जोन घोषित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मैंने नाटो को चेतावनी दी थी कि बिना निवारक प्रतिबंधों के रूस युद्ध शुरू कर देगा और मास्को नार्ड स्ट्रीम 2 को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल करेगा।
रूस-यूक्रेन के बीच आज फिर होगी वार्ता
रूस और यूक्रेन युद्ध के 19वें दिन दोनों देशों के बीच आज फिर से वार्ता होगी। रूस-यूक्रेन के बीच सोमवार को 10:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए वार्ता होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने की फ्रांस के राष्ट्रपति से बात
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध पर चर्चा करने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की। व्हाइट हाउस ने इस बात की जानकारी दी है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने की मिसाइल हमले की निंदा
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि हम पोलैंड के साथ यूक्रेन की सीमा के करीब, यवोरिव में ‘इंटरनेशनल सेंटर फार पीसकीपिंग एंड सिक्योरिटी’ पर रूसी संघ के द्वारा की गई मिसाइल हमले की निंदा करते हैं। यह क्रूरता बंद होनी चाहिए।



















