
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
दिल्ली फरीदकोट,चंडीगढ़, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पंजाब के फरीदकोट व डेराबस्सा में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि फरीदकोट में पहली बार किसी सभा को संबोधित करने के लिए आया हूं। पंजाब में पहले भी मैंने कई सभाओं को संबोधित किया, लेकिन इस बार जो लोगों का समर्थन मिल रहा है, उससे लग रहा है कि भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि गुरुनानक देव जीत ने सबकी भलाई का संदेश दिया था। इसी से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास का नारा दिया है। पंजाब भारत की अंतरत्मा है। सिख भाइयों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब भी वह पंजाब आते हैं तो हमेशा याद आता है कि करतारपुर व ननकाना साहिब भारत का हिस्सा होता तो देश को बहुत अच्छा लगता। कुछ सियायतदान मजहब की राजनीति करते हैं। भाजपा इंसानियत की राजनीति करती है। बहुत सी ताकतें हमारे बीच फूट डालने का काम करेंगी, उनसे हमें सावधान रहने की जरूरत है।राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा पूरे देश में प्रदेशों में सबसे अच्छी सरकार चलाने वाली पार्टी है। भारत के बाद अब पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है, यह भाजपा की ताकत से हुआ। 174 देश आज योग कर रहे हैं, यह 2014 के बाद संभव हुआ। 2017 में उरी में पाक ने जो कायरना कृत्य किया, उस घटना के दस मिनट बाद ही हमारी सरकार ने पाकिस्तान को सबक सिखाने का फैसला किया। पाकिस्तान मेंं जाकर एयर स्ट्राइक व जमीन पर सर्जिकल स्टाइक की। भारत अब देश के अंदर व देश के बाहर दुश्मनों को मारने वाला देश है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब सीमावर्ती राज्य है। सीमावर्ती राज्य में शांति की आवश्यकता है। पंजाब के लोगों ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है। हमारी सरकार बनने पर 1984 के दंगा पीड़ितों को न्याय मिला। हमारी सरकार बनने पर 80 करोड़ रुपये दंगा पीड़ितों को वितरित किया गया। पांच-पांच लाख रुपये दिए गए। कांग्रेस ने यह पैसा रखा था, लेकिन कांग्रेस इसे बांटने की हिम्मत नहीं कर पाया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है और पंजाब पिछड़ता जा रहा है। भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब को नवां पंजाब बनाएंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री का अपनी सरकार पर नियंत्रण नहीं है, कांग्रेस आपस में लड़ रही है। गांव बसा नहीं और लुटेरे सक्रिय हैं। प्रियंका की रैली में सिद्धू सार्वजनिक रूप से बोलने से मना कर दिया, कांग्रेस में अनुशासन ही नहीं है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को गरीब बता रही है और उनकी पार्टी के ही लोग उनका अरबपति होने का रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहे हैं। विदेश जाने वाले युवाओं को पैसा देने की बात दूसरी राजनीतिक दल कह रहे हैं, यह स्थिति क्यों बनी इसमें सुधार होने की जरूरत है। इस पलयान को रोकने की जरूरत है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा गठबंधन ने चुनाव घोषणा पत्र जारी कर दिया है। दूसरों का भी देखें। भ्रष्टाचार गंभीर समस्या है, राजीव गांधी ने भी भष्टाचार पर लाचारी व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने इस चुनौती को स्वीकार किया, और अब केंद्र सरकार 100 रुपये भेजती है तो वह लाभपात्री तक पहुंचता है। किसान सम्मान निधि के तहत छह हजार किसानों को दिए जाते हैं तो वह मिलते हैं बिना किसी कटौती के। आयुष्मान योजना में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज भी भारत सरकार ही देती है। फरीदकोट में राजनाथ ने भाजपा प्रत्याशी गौरव कक्कड़ के पक्ष में रैली की।
डेराबस्सी में संजीव खन्ना के पक्ष में रैली करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा पंजाब में जानबूझ आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं की गई है। कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार के सत्ता में आते ही तीन माह के भीतर आयुष्मान भारत योजना को लागू करके प्रत्येक पंजाब वासी को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के चुनावी रण में उतरे कई दल सरकार बनाने के लिए इस प्रदेश को जातिवाद के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने से पहले समाज बनाने में विश्वास रखती है।राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत की पहचान घोटाले वाले देश के रूप में थी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को कोई गंभीरता से नहीं लेता था लेकिन आज भारत न केवल दुनिया का ताकतवर देश बन चुका है बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को गंभीरता से लिया जा रहा है।आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में हर घर तक शराब पहुंचाने वाली आम आदमी पार्टी पंजाब को नशा माफिया से मुक्ति दिलाने की बात कर रही है। दिल्ली वासियों ने दिल्ली सरकार की नीतियों को खारिज कर दिया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि डेराबस्सी हलके के लोगों को संजीव खन्ना को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही नशा माफिया व खनन माफिया का अगला ठिकाना जेल होगा। इससे पहले राजनाथ सिंह का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए भाजपा प्रत्याशी संजीव खन्ना ने कहा कि वह शासक के बजाय सेवक की लड़ाई लड़ रहे हैं। खन्ना ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह ढिल्लों डूबता जहाज हैं। उन्हें पांचवीं बार हारता हुआ देख कांग्रेस के लोग ही छोड़ रहे हैं। दो बार विधायक रहे एनके शर्मा ने कभी इस इलाके का भला नहीं किया। उन्होंने हमेशा अपना घर भरा है। डेराबस्सी के लोग भारतीय जनता पार्टी को स्वीकार कर चुके हैं।



















