
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
नई दिल्ली, एएनआइ। आज भारत में 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।इस दिन राजनीतिक प्रक्रिया में युवाओं को सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। मतदान महत्वपूर्ण मौलिक अधिकारों में से एक है, जिसका प्रयोग आपको एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देता है, जिसमें एक व्यक्ति को सरकार चुनने हक होता है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने बताया कि आज देश में 95.3 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 49 करोड़ पुरुष मतदाता और 46 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। इन पंजीकृत मतदाताओं में 1.92 करोड़ वरिष्ठ नागरिक हैं।
कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए की जा रही है चुनावी तैयारी
इस साल देश के पांच राज्यों में, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं।
विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर तैयारियां जोरों-शोरों पर चल रही है। चुनाव आयोग देशभर में बढ़ते कोविड-19 के मामलों को देखते हुए सख्त रुख अपना रहा है। इस बार कोरोना काल में हो रहे विधानसभा चुनाव में आयोग द्वारा कई प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिनमें चुनावी रैलियों से लेकर मतदान तक कोविड प्रोटोकाल निभाना अनिवार्य होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा, ‘हमने चुनाव वाले सभी पांच राज्यों में टीकाकरण की गति बढ़ाने पर जोर दिया है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी इंतजाम किए जाएंगे कि यह चुनाव पूरी तरह सुरक्षित रहे।’
केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, ‘लोकतंत्र में सभी को आलोचना करने का अधिकार है लेकिन भाषा को ध्यान में रखें। अदालत चुनाव आयोग की आलोचना कर सकती है लेकिन न्यायाधीशों को भी आलोचना करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली भाषा के बारे में सोचना चाहिए’ उन्होंने आगे कहा, ‘जो तत्व भारत के चुनाव आयोग को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, वे वास्तव में भारत के लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं’



















