
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
छत्तीसगढ़।छत्तीसगढ़ में ठंड का मौसम फिर लौट आया है। उत्तर से शुष्क और ठंडी हवाएं प्रदेश में आ रही हैं। इसकी वजह से मौसम अचानक सर्द होने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की संभावना भी जताई जा रही है।रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवा आने के कारण प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।



26 से 27 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है ।मौसम विज्ञानियों ने बताया, 27-28 जनवरी को प्रदेश में एक दो पैकेट में शीतलहर की स्थिति निर्मित होने की भी संभावना है। यह पैकेट सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिले हो सकते हैं। इस अवधि में प्रदेश उत्तरी भाग के एक-दो क्षेत्रों में सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बनने की भी संभावना बन रही है।




मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद इस क्षेत्र में मौसम अधिक ठंडा हो जाता है। अगर अचानक से न्यूनतम तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट आए तो शीतलहर की स्थिति बनती है।मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार-मंगलवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से अधिक है। बिलासपुर में 14 डिग्री और अंबिकापुर में 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। दुर्ग में इसे 11.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।



















