
[responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”Listen to Post”]
चेन्नई, एएनआइ। तमिलनाडु में 11 साल के बाद आज शहरी स्थानीय निकाय चुनाव हो रहा है। यह सुबह सात बजे से शुरु हो गया है, जिसमें 21 निगमों, 138 नगर पालिकाओं और 490 नगर पंचायतों में 12,607 पदों के लिए 57, 778 उम्मीदवार चुनाव मैदान में खड़े हैं। अपना-अपना वोट डालने के लिए आज विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह से मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
एक ही चरण में हो रहा है चुनाव
11 साल के लंबे वक्त के अंतराल के बाद हो रहे शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए एक ही चरण में मतदान पूरा किया जा रहा है। बता दें कि मतदान सुबह सात बजे से शुरु हो चुका है, जबकि शाम छह बजे यह खत्म होगा। वहीं तमिलनाडु राज्य चुनाव आयोग (TNSEC) के अनुसार, COVID-19 लक्षणों वाले मतदाताओं और जो संक्रमित हैं, उन्हें शाम 5 बजे से शाम 6 बजे के बीच मतदान करने की अनुमति दी जाएगी। चुनाव के वोटों की गिनती 22 फरवरी को की जाएगी। चुनाव के विजेता और नए चयनित सदस्य 2 मार्च को अपने पद का कार्यभार संभालेंगे। आपको बता दें कि अक्टूबर 2016 में, चुनाव निर्धारित किए गए थे, लेकिन चुनाव मद्रास उच्च न्यायालय के निर्देश के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया था, जिसके इसके बाद, कई कारणों के चलते चुनाव में देरी होती गई।बता दें कि निगम के महापौर व उप महापौर के लिए परोक्ष चुनाव तथा नगरपालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन चार मार्च को होगा। शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया गया है। 12,607 पदों के लिए 57,778 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिसके लिए कुल 31,150 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और लगभग लाख पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। आज के शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में 5,960 संवेदनशील बूथ हैं। वोट डालने के लिए आज सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि इस चुनाव में 1.42 करोड़ महिलाओं, 1.37 करोड़ पुरुष और 4,300 से अधिक बुजुर्ग लोगों सहित 2.79 करोड़ से अधिक निवासी मतदान के लिए योग्य हैं।
कौन से नेताओं ने लिया शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में भाग
शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) और भारतीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस, नाम तामिलर काची, पट्टाली मक्कल काची, मक्कल निधि मय्यम और अम्मा मक्कल मुनेत्र कज़गम सहित प्रमुख राजनीतिक दल, 21 निगमों, 138 नगर पालिकाओं और 490 नगर पंचायतों के चुनाव में भाग ले रहे हैं।
हिजाब पहन कर वोट देने आई महिला पर मचा बवाल
तमिलनाडु शहरी स्थानीय निकाय के एक मतदान केंद्र पर हिजाब पहन कर वोट देने आई महिला पर मचा बवाल गया। भाजपा बूथ समिति के एक सदस्य ने मदुरै में एक मतदान केंद्र पर हिजाब पहनकर पहुंची एक महिला मतदाता पर आपत्ति जताई, उन्होंने महिला से हिजाब उतारने के लिए कहा, जिसके बाद DMK, AIADMK सदस्यों ने उनका विरोध किया।



















