
कोरिया: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में अमृत धारा जलप्रपात में डूबने से 2 SECL अधिकारियों की मौत हो गई। पिकनिक मनाने 8 लोग वाटरफाल गए थे। जिनमें SECL हसदेव क्षेत्र के अंडरग्राउंड माइंस के 2 अधिकारियों समेत 3 लोग नहाते हुए गहरे पानी चले गए थे। एक कर्मचारी किसी तरह बाहर निकल आया। यह घटना पोड़ी थाना इलाके के नागपुर चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार मरने वालों की पहचान शुभम मनहर (32) निवासी शहडोल और पृथ्वी शेट्टी (36) निवासी तेलंगाना के रूप में हुई है। दोनों SECL के अंडर मैनेजर के पद पर पदस्थ थे।पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मनेंद्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।दरअसल, एसईसीएल चिरमिरी में पदस्थ अधिकारियों समेत 8 लोग मंगलवार को पिकनिक मनाने के लिए अमृतधारा वाटरफाल गए थे। वे शाम करीब 4 बजे जलप्रपात के नीचे हसदेव नदी में नहा रहे थे। इस दौरान नहाते समय 3 कर्मचारी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। एक कर्मचारी किसी तरह निकलने में सफल रहा। इस घटना की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी शेष नारायण सिंह की टीम और SECL की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। शुभम मनहर और पृथ्वी शेट्टी को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।