
चंचल सिंह
सूरजपुर/भटगांव : नगर पंचायत भटगांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 817 वोटों के बड़े अंतर से अपनी विजय का परचम लहराया। इस शानदार जीत का श्रेय महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मेहनत और व्यापक जनसंपर्क अभियान को दिया जा रहा है। जैसे ही चुनाव परिणाम घोषित हुए, पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया।
भाजपा प्रत्याशी परमेश्वरी राजवाड़े की बड़ी जीत
भाजपा की उम्मीदवार परमेश्वरी राजवाड़े ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को भारी मतों से हराते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर दोबारा कब्जा कर लिया। यह जीत न केवल भाजपा के लिए बड़ी सफलता है, बल्कि यह दर्शाती है कि क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और लोकप्रियता लगातार मजबूत हो रही है।चुनाव परिणाम के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े जब भटगांव पहुंचीं, तो कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, माल्यार्पण और आतिशबाजी के साथ पूरे नगर में जश्न का माहौल छा गया। भाजपा समर्थकों के उत्साह और खुशी का नजारा देखने लायक था।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा चलाया गया डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान इस जीत का मुख्य कारण माना जा रहा है। मंत्री ने दिन-रात मेहनत कर जनता के बीच जाकर भाजपा की विकास योजनाओं को पहुंचाया और समर्थन मांगा। भाजपा की सक्रिय रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जनता के समर्थन ने यह जीत संभव बनाई। चुनाव परिणाम ने यह साबित कर दिया कि क्षेत्र की जनता भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा करती है। भाजपा की इस जीत के बाद स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है। सभी ने इसे मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व और संगठन की एकजुटता का परिणाम बताया।
जीत के बाद परमेश्वरी राजवाड़े ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। मैं नगर के विकास और सेवा के लिए निरंतर कार्य करूंगी।” भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी आगामी चुनावों के लिए पूरी मजबूती से तैयार रहने का संकल्प लिया।
भाजपा के लिए मनोबल बढ़ाने वाली जीत
भटगांव नगर पंचायत की यह जीत भाजपा के लिए न केवल गर्व का विषय है, बल्कि आगामी चुनावों में पार्टी का मनोबल भी बढ़ाने वाली है। इस जीत ने यह साबित कर दिया कि भाजपा क्षेत्र में विकास और विश्वास की पहचान बन चुकी है।



















