
चंचल सिंह
सूरजपुर। सूरजपुर जिले में भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव निर्विरोध संपन्न कर लिया है। पार्टी की ओर से चंद्रमणि देवपाल पैकरा को निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुना गया। खास बात यह है कि यह बड़ी जिम्मेदारी उन्हें उनके जन्मदिन के मौके पर मिली, जिससे उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
7200 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत
चंद्रमणि देवपाल पैकरा ने क्षेत्र क्रमांक 12 से 7200 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वे भाजपा और आरएसएस की पसंदीदा प्रत्याशी थीं। हालांकि, इस चुनाव में भाजपा की बागी उम्मीदवार नीलिमा पैकरा भी मैदान में थीं, लेकिन पार्टी की एकजुटता के चलते चंद्रमणि देवपाल पैकरा को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, जमकर मनाई जीत
चंद्रमणि देवपाल पैकरा की जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। चंद्रमणि देवपाल पैकरा के निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाने को भाजपा संगठन की मजबूत रणनीति और एकजुटता का नतीजा माना जा रहा है।



















