
नई दिल्ली: भारत के विभिन्न राज्यों में बीते कुछ दिनों से भूकंप की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस कारण लोगों के मन के भीतर किसी अनहोनी की संभावना बढ़ती जा रही है। 14 मार्च की तारीख को सुबह-सुबह भारत के दो प्रदेशों में भूकंप के कारण धरती हिल गई है। शुक्रवार को केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख और नॉर्थ ईस्ट के राज्य अरुणाचल प्रदेश में भूकंप की घटना देखने को मिली है।
शुक्रवार 14 मार्च की तारीख को केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के करगिल में भूकंप के कारण धरती डोल उठी। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई है जो कि जोखिम भरी होती है। इस भूकंप के कारण लोग खौफ से भर गए हैं। नेशनल सेंटर फोर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, लद्दाख के करगिल में ये भूकंप देर रात 2 बजकर 50 मिनट पर आया। इस भूकंप का केंद्र धरती से 15 किलोमीटर भीतर था।
शुक्रवार को नॉर्थ ईस्ट के राज्य अरुणाचल प्रदेश में भी सुबह-सुबह भूकंप की घटना सामने आई। नेशनल सेंटर फोर सिस्मोलॉजी के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में सुबह 6 बजकर 1 मिनट पर भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4 मापी गई है। इस भूकंप का केंद्र वेस्ट कामेंग में धरती से 10 किलोमीटर नीचे था।



















