नई दिल्ली: देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारत के राज्यों में जहां मानसून ने दस्तक दे दी है तो वहीं उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। एक तरफ जहां दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश से लोग परेशान हैं तो वहीं उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच उत्तर भारत के लोगों के लिए भी राहत भरी खबर है। दरअसल, केरल के तट से होकर चला मानसून अब जल्द ही उत्तर भारत के राज्यों में प्रवेश करेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकेगी।

इन राज्यों में होगी बारिश

बता दें कि महाराष्ट्र के कई जिलों में मानसून के प्रवेश करने के बाद से भारी बारिश देखी जा रही है। इसके अलावा राजस्थान के भी कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आज छत्तीसगढ़ में भी मानसून के प्रवेश करने की संभावना है। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में मानसून पहुंचने के बाद भारी बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार केरल, तमिलनाडु, रायलसीमा और आसपास के तटीय राज्यों जैसे- आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, दक्षिण मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान हल्की गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं।

वहीं उत्तर प्रदेश को लेकर मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक तेज आंधी और लू चल सकती है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में भी तेज हवाएं चलने के आसार है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। IMD ने बताया है कि 8 जून को दिल्ली-NCR में धूल के साथ आंधी चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर प्री-मानसून की बारिश भी हो सकती है। अगले हफ्ते से यहां पर मौसम में कुछ बदलाव देखा जा सकता है। हालांकि उमस भरी गर्मी से राहत के अभी भी आसार नहीं हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!