
बीजापुर: छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के भाजपा नेता अजय सिंह को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा ने मंगलवार को आदेश जारी किया है। आदिवासी युवक के साथ गाली-गलौज करने के मामले में पार्टी ने एक्शन लिया है। उन्होंने इसे पार्टी के खिलाफ और अनुशासनहीनता बताया है।
पुलिस ने दो दिन पहले ही भाजपा नेता और युवा आयोग के पूर्व सदस्य अजय सिंह को गिरफ्तार लिया था, जो अभी जेल में बंद हैं। उसकी गिरफ्तारी को लेकर आदिवासी समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया था। उनका कहना था कि इसे लेकर वे काफी आहत हैं। अजय सिंह के खिलाफ बांगापाल थाने में FIR दर्ज कराई थी। अजय सिंह कुछ महीने पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

दरअसल, भैरमगढ़ में बंद पड़ा क्रशर प्लांट फिर से खोला गया है। यहां ब्लास्टिंग से आसपास के घरों में दरारें आनी शुरू हो गईं थी। इलाके के लोगों ने इसकी जानकारी अजय सिंह को दी। इसके बाद 16 जुलाई को अजय सिंह कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे थे।
उन्होंने प्लांट का विरोध किया। इस दौरान क्रशर को लीज पर लेने वाले ठेकेदार सुरेश चंद्राकर से उनका विवाद हुआ। वहां सुरेश के साथ एक आदिवासी युवक भी था। आरोप है कि अजय सिंह ने उस युवक को जातिगत गालियां दीं। इसके बाद युवक सुरेश चंद्राकर के साथ दूसरे दिन थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया था।