सूरजपुर: जिले के दतिमा ग्राम में हर वर्ष की तरह इस बार भी अनंत करमा पर्व का भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर सैकड़ो की संख्या में लोग एकत्रित हुए और पारंपरिक करमा नृत्य का आनंद लिया। करमा उत्सव के दौरान ग्रामवासियों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिला।

करमा पर्व के एक दिन पूर्व से ही गांव के लोग तैयारी में जुट जाते हैं। इस दौरान ग्रामवासी कर्म देव की पूजा अर्चना करते हैं और महिलाएं उपवास रखती हैं। शाम को विधिवत रूप से कर्म देव की पूजा संपन्न होती है। अगली सुबह सामूहिक रूप से करमा नृत्य का आयोजन किया जाता है, जो कि जंबूरी ग्राउंड में बड़े धूमधाम से होता है। इस आयोजन में दतिमा के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेने आते हैं।पारंपरिक वाद्य यंत्र मंदार की थाप पर लोग झूमते हुए नाचते और गाते हैं, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो जाता है। इस भव्य आयोजन में हर आयु वर्ग के लोग भाग लेते हैं, जिससे करमा उत्सव में सामाजिक एकता और समरसता का संदेश भी मिलता है।

दतिमा का करमा उत्सव: परंपरा और उत्सव का अनोखा संगम

दतिमा ग्राम का करमा उत्सव सदियों पुरानी परंपरा को संजोए हुए है। आज भी ग्राम के युवा इस परंपरा को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दूर-दूर से लोग यहां करमा नृत्य का आनंद लेने आते हैं, जहां सभी जाति, वर्ग और समुदाय के लोग एक साथ उत्सव का हिस्सा बनते हैं।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए करंजी पुलिस ने अपने दल-बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता भी आयोजन में शामिल रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!