अभिषेक सोनी

बलरामपुर।बलरामपुर जिले के रामानुजगंज राजेश ज्वेलर्स में 15 मिनट में 2 करोड़ 85 लाख रुपए के जेवरात व 7 लाख रुपए नगद लुटने वाले महिला सहित 6 लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने लुटेरो के कब्जे से सोना 3.354 किलोग्राम, चांदी 07 किलो 280 ग्राम, दो बैंक एकाउंट से 5 लाख 80 हजार रुपए, 1 बोलेरो वाहन, 2 अपाचे बाइक, 2 नग पिस्टल कुल 2 करोड़ 40 लाख रुपए का ज़ब्त किया।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर रमनलाल ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 11 सितंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे हथियार बंद अज्ञात आरोपियों के संगठित समूह द्वारा रामानुजगंज गांधी मैदान के सामने स्थित राजेश ज्वेलर्स में घुसकर प्रतिष्ठान के मालिक राजेश सोनी पिता जगदीश प्रसाद सोनी को हथियार का भय दिखाकर चोटिल कर सोने-चांदी के आभूषण करीब 2 करोड 85 लाख रुपए व नगद 7 लाख रुपए कुल 2 करोड़ 92 लाख रूपए की लूटकर झारखंड की ओर भाग जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने केस दर्ज कर लुटेरो की तलाश में जुटी हुई थी।

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर पदभार ग्रहण करने उपरांत राजेश ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना के सभी बिन्दुओं का विस्तृत अध्यन अवलोकन कर प्रकरण संबंधी समस्त जानकारियां एकत्र की गई विवेचना में आए तथ्यों एवं साइबर सेल के माध्यम से मिली टैक्निकल जानकारी के आधार पर आरोपियों की धर-पकड़ एवं लूट किए गए ज़ेवरात को बरामद करने हेतु पृथक-पृथक टीमों का गठन कर पुलिस टीमों को आरोपियों के संभावित झारखंड, बिहार, दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब के लिए खाना किया गया। पुलिस टीम एवं साइबर सेल के जरिए घटना में शामिल 05 मुख्य अरोपियों की पहचान कर ली गई। विवेचना दौरान कार्य की अधिकता तथा प्रकरण के शीघ्र निकाल हेतु अतिरिक्त पुलिस बल इस कार्य में लगाया गया। दिल्ली से मुख्य अरोपी मोनू सोनी उर्फ राज सोनी उर्फ बुकी, उम्र 24 वर्ष एवं उसका भाई घटना का मास्टर मांइंड सोनू सोनी, दोनों निवासी ग्राम चैनपुर, थाना चैनपुर, जिला पलामू तथा उसके मामा अरविन्द सोनी को दिल्ली पुलिस के सहयोग से अपने कब्जे में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से घटना में शामिल अन्य अरोपियों तथा घटना के समय लूटे गए ज्वेलरी के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ पर मोनू सोनी एवं सोनू सोनी के निसानदेही पर घटना की कुछ ज्वेलरी रखने वाली सोनू की गर्लफैण्ड अंजनी एक्का को मोहाली से पुलिस कब्जे में लिया गया। आरोपियों की निशानदेही एवं टैक्निकल संसाधनों की मदद् से घटना के फरार 2 मुख्य अरोपी राहुल मेहता, निवासी महावीरगंज, थाना अम्बा, जिला औरंगाबाद एवं विक्की सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम जमुआ, थाना अम्बा, जिला औरंगाबाद को औरंगाबाद से पुलिस कब्जे में लिया गया। प्रकरण के 2 अरोपियों की गिरफ्तारी शेष है। सम्पूर्ण कार्यवाही के दौरान अंकित गर्ग पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के मार्गदर्शन वपुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के नेतृत्व में पुलिस गठित कर साइबर सेल की मदद से आरोपी सोनू सोनी जो सम्पूर्ण घटना का मास्टर प्लानर था, मोनू सोनी उर्फ बुकी, उसका मामा अरविन्द सोनी, आरोपी सोनू की गर्लफैण्ड अंजनी एक्का एवं अन्य को दिल्ली एवं मोहाली से कब्जे में लिया गया। आरोपियों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त घटना को प्लान कर मोनू सोनी उर्फ बुकी एवं उसके साथियों द्वारा प्लान के मुताबिक घटना को अंजाम दिया गया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद प्लान के मुताबिक सभी पाचों आरोपी अलग-अलग रास्ते से झारखंड के बरवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां प्लान के मुताबिक घटना का मास्टर प्लानर सोनू सोनी एवं डबलू गुप्ता बोलेरो वाहन लेकर खड़े थे। इनके द्वारा प्रकरण में लूट की गई सम्पत्तियों का आपस में बंटवारा कर आरोपी राहुल मेहता व राधेश्याम पासवान पटना चले गए तथा सोनू एवं मोनू सोनी अपने मामा अरविन्द सोनी से मिले जहां पर कुछ जेवर को अरविन्द सोनी के घर पर गला दिए तथा सोने को छुपाने के लिए मोनू के घर चैनपुर में जमीन में गाड़ दिया गया। इसी प्रकार आरोपी राहुल अपने हिस्से के जेवरात को अपने गांव महाबीरगंज में नदी के पास छिपा दिया था, इसी प्रकार आरोपी विक्की सिंह अपने हिस्से के जेवर को घर में टीनसेड के नीचे छुपा दिया था। अरोपी सोनू के द्वारा कुछ जेवर को अपने 3 अरविन्द सोनी के माध्यम से बेच कर उससे प्राप्त राशि करीब 5 लाख 80 हजार रूपय अपनी गर्लफैण्ड अंजनी एक्का के एकाउंट में जमा कराया गया था जिसे पुलिस टीम द्वारा विवेचना एवं धर-पकड़ के दौरान जब्त कराया गया। सोनू का मामा अरविन्द सोनी अपने हिस्से के जेवर को अपने दुकान एवं ससुराल में छिपा कर रखा था, जिसे पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों का नाम?

01. मोनू सोनी उर्फ राज सोनी उर्फ बुकी उर्फ बुकिंग, उम्र 24 वर्ष, ग्राम थाना चैनपुर, पलामू।
02. सोनू सोनी उर्फ आनंद सोनी, उम्र 30 वर्ष, ग्राम थाना चैनपुर, पलामू झारखंड।
0 3. राहुल मेहता, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी महावीरगंज, थाना अम्बा, जिला औरंगाबाद बिहार।
04. विक्की सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम जमुआ, याना अम्बा, जिला औरंगाबाद बिहार।
0 5. अरविन्द सोनी (सोनू का मामा), ग्राम थाना चैनपुर, पलामू झारखंड।
06. अंजनी एक्का (आरोपी सोनू की गर्लफैण्ड), मोहाली चंडीगढ़।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!