बीजापुर: बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना तर्रेम और मिरतुर पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए कुल चार माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक जनमिलिशिया कमांडर भी शामिल है, जो IED विस्फोट की घटना में शामिल था।

29 सितंबर 2024 को थाना तर्रेम क्षेत्रान्तर्गत डिमाइनिंग ड्यूटी के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए IED को निष्क्रिय करते समय हुए विस्फोट में पांच जवान घायल हो गए थे। इस घटना में शामिल जनमिलिशिया कमांडर आयतु ओयाम ऊर्फ मुन्ना आयतु को 07 अक्टूबर 2024 को सुरक्षा बलों ने चिन्नागेलुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आयतु ओयाम, जो बीजापुर जिले के कोत्तागुड़ा बिटिलपारा का निवासी है, लंबे समय से माओवादी गतिविधियों में शामिल था। इस गिरफ्तारी में एसटीएफ, कोबरा 210, केरिपु 153 और 168 वाहिनी की संयुक्त टीम ने मुख्य भूमिका निभाई।

दूसरी बड़ी सफलता थाना मिरतुर क्षेत्र में मिली, जहां फुलादी के जंगलों में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी और थाना मिरतुर की टीम ने अभियान चलाया। इस अभियान में तीन भूमकाल मिलिशिया सदस्यों को विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार माओवादियों में  सुखराम पोडियाम मनीराम इरपा ऊर्फ ताड़खूटा और लछिन्दर पोड़ियाम ऊर्फ आयतू शामिल हैं। इनके पास से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर और इलेक्ट्रिक वायर बरामद किया गया। यह माओवादी लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे।गिरफ्तार किए गए माओवादियों के खिलाफ थाना तर्रेम और मिरतुर में वैधानिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर बीजापुर की माननीय अदालत में पेश किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!