जशपुर: जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब राज्य के 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। आरोपियों को होंडा जैज कार (PB 13 AQ 1759) में 26 किलो 330 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा गया। जब्त किए गए गांजे की कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत 4 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ओडिशा के संबलपुर से पंजाब गांजा ले जा रहे हैं। पुलिस ने उपरकछार चौकी के पास नाकाबंदी कर उक्त कार को रोका, जिसमें 2 महिलाएं और 3 पुरुष सवार थे। कार की तलाशी में सीट के नीचे और डिक्की में छुपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए तस्करों में कपिल कुमार (26), संदीप सिंह (27), राजेश कुमार (21), कीरती देवी (24) और तान्या कुमार (19) शामिल हैं, सभी लुधियाना, पंजाब के निवासी हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि तस्करी में महिलाओं को इसलिए शामिल किया गया क्योंकि आमतौर पर पुलिस महिलाओं पर शक नहीं करती। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को नगद इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि आरोपियों का किसी बड़े आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!