
जशपुर: जशपुर पुलिस ने फेसबुक पर अश्लील पोस्ट करने के आरोप में सहदेव राम नामक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फेक आईडी के जरिए एक महिला को बदनाम करने की कोशिश की थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए तमिलनाडु भाग गया था। पुलिस ने साइबर टीम और मुखबिर की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। उसके खिलाफ धारा 509(ख) और 201 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया की पीड़ित महिला 13 जून 2024 को कुनकुरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक पर फेक आईडी बनाकर उनके नाम से अश्लील पोस्ट की थी। इस मामले की जांच में साइबर टीम की मदद से आरोपी की पहचान सहदेव राम, निवासी तपकरा क्षेत्र के रूप में की गई। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी का मोबाइल नंबर ट्रेस कर उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाया। सहदेव राम को अपने खिलाफ अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी मिलने पर वह तमिलनाडु भाग गया था, लेकिन मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 24 सितंबर 2024 को उसे तपकरा से गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ के दौरान सहदेव राम ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अपने मोबाइल को तोड़कर फेंक दिया था।
इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी उपनिरीक्षक सुनील सिंह और उनकी टीम के प्रधान आरक्षक चम्पा पैकरा, आरक्षक भुपेन्द यादव, नन्दलाल, और तपकरा थाना के सहायक उपनिरीक्षक प्रेमिका कुजूर की सराहनीय भूमिका रही।



















