
बलरामपुर: संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर कुन्दन कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीता यादव ने गौठान निरीक्षण हेतु नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक एवं गौठानों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में बिन्दुवार समीक्षा की तथा कार्य में प्रगति लाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर ने कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों से गौठानों में मल्टीएक्टिविटी के संचालन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने उक्त विभागों द्वारा गौठानों में मल्टीएक्टिविटी में लापरवाही बरतने पर कड़ी नाराजगी जताई, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में लापरवाही बरतने वाले मैदानी अमले के कर्मचारियों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री कुमार ने गौठानों में प्रगति की कार्यवाही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी लेने के निर्देश दिये। बैठक में गौठानों में गोबर खरीदी, निर्मित वर्मी कम्पोस्ट की मात्रा, विक्रय किये गये कम्पोस्ट, स्टॉक में उपलब्ध कम्पोस्ट, निर्मित अधोसंरचना का रंग-रोगन, गौठानों में जल व्यवस्था, संचालित मल्टीएक्टिविटी क्रियान्वयन से संबंधित समूहों का प्रशिक्षण, समुदायिक बाड़ी विकास, सतत् रूप से गौठान समिति की बैठकें हो रही है या नहीं इस संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भरत कौशिक, उप संचालक पंचायत स्टेला खलखो, उप संचालक कृषि राजेन्द्र एक्का, उप संचालक पशु बी.पी.सतनामी, सहायक संचालक उद्यान पतराम सिंह, सहायक संचालक मत्स्य राजेन्द्र सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



















