
अम्बिकापुर: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि दिवस का आयोजन 10 अगस्त 2023 तथा मॉपअप दिवस का आयोजन 17 अगस्त 2023 को किया जाएगा। इस दौरान 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को सभी स्कूल एवं आगनबाड़ी केन्द्रों में 10 अगस्त 2023 तथा 17 अगस्त 2023 को एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई जावेगी। जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों, शासकीय व निजी विद्यालयों, मदरसों में बालक एवं बालिकाओं को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजॉल 400 मि.ग्रा. की गोली का सेवन कराया जाना है। इस हेतु स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन , उच्च शिक्षा विभाग, पंचायत विभाग तथा स्वच्छ भारत मिशन एवं अन्य विभाग के समन्वय से कार्य किए जाने निर्देशित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एन. गुप्ता ने ज्यादा से ज्यादा बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजॉल का सेवन करने का अपील की है।उन्होंने बताया कि कृमिनाशक दवा के सेवन से बच्चों के बौद्धिक विकास, स्वास्थ्य एवं पोषक का स्तर, एनीमिया की रोकथाम तथा रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, उन्होनें बताया कि यह दवा सुरक्षित है। वातावरण के कारण बच्चे और बड़े दोनों में कृमि हो सकता है। स्कूली बच्चों के सेवन से बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होगी तथा कक्षा में शत् प्रतिशत उपस्थिति रहेगी। नोडल अधिकारी डॉ शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि ऐसे बच्चे और किशोर जो स्कूल नहीं जाते हैं उन पर भी विशेष फोकस किया जाएगा। पेट में कृमि होने के कई तरह के समस्या हो सकती है, ऐसे लक्षण के प्रति माता-पिता को जागरूक रहना चाहिए। अल्बेंडाजोल की गोली खिलाने से बच्चे एनीमिया के शिकार से बच सकते हैं, मानसिक तनाव से छुटकारा मिलता है, मानसिक और शारीरिक विकास के लिए एक से 19 वर्ष तक बच्चों को गोली खिलानी जरूरी है।जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ पुष्पेन्द्र राम ने समुदाय को जागरूक करने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी है।



















