
अम्बिकापुर: केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर के जेल अधीक्षक ने बताया है कि विचाराधीन दण्डित बंदी सेवक राम बाबूलाल पिता देवचरण विगत 23 जून 2021 को केन्दीय जेल में प्रविष्ट हुआ था। उक्त दण्डित बंदी को जेल चिकित्सक के परामर्श पर 20 जनवरी 2022 को रात्रि 11ः40 बजे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अम्बिकापुर भेजा गया था जहां बंदी को भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा था। उपचार के दौरान बंदी की मृत्यु हो गई थी।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संजीव कुमार झा द्वारा आदेश जारी कर डिप्टी कलेक्टर सी.एस. पैंकरा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने निर्देशित किया है कि जांच पूर्ण कर एक माह के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। जांच के दौरान उल्लेखित कारणों को स्पष्ट करते हुए कहा है कि जेल में प्रवेश के समय बंदी के स्वास्थ्य की क्या स्थिति थी। बंदी कब बीमार हुआ तथा उसे ईलाज हेतु जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर में कब भेजा गया। क्या बंदी अचानक बीमार हुआ। और उसकी मृत्यु हो गई। बंदी का ईलाज कब-कब और किसके द्वारा किया गया। उस बंदी को ईलाज के दौरान कौन-कौन सी औषधियां दी गईं। बंदी किस बीमारी से ग्रस्त था। क्या बंदी को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। क्या बंदी को समय पर चिकित्सा उपलब्ध कराने में कोई लापरवाही बरती गई। यदि ऐसा हुआ हो तो विलंब या लापरवाही के लिए दोषी अधिकारी-कर्मचारी कौन-कौन हैं। बंदी के साथ कोई अमानुषिक कृत्य तो नहीं किया गया जिससे बंदी की मृत्यु हुई हो। क्या बंदी को शारीरिक या मानसिक यातना दी गई यदि ऐसा हो तो इसके लिए दोषी अधिकारी-कर्मचारी कौन-कौन हैं।



















