कोरबा: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी कल 7 जनवरी शनिवार को कोरबा आ रहे हैं। उनका कोरबा दौरा प्रदेश की सियासत और खासकर भाजपा के लिए अहम है। भाजपा चुनावी राज्यों पर फोकस करना शुरू कर चुकी है। प्रदेश में 15 साल तक सत्ता में रही भाजपा का विपक्ष काल चल रहा है। इस बीच कुछ सियासी रणनीतियों का बूस्टर डोज भी शाह स्थानीय नेताओं को दे सकते हैं। सभा और सरकारी काम के अलावा पार्टी के नेताओं की बैठक लेने का भी विशेष शैड्यूल रखा गया है।

गुरुवार को कोरबा पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कोरबा लोकसभा के 4 जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए। इन चारों जिले से बड़ी तादाद में आम लोगों और कार्यकर्ताओं को अमित शाह की सभा में जुटाने का लक्ष्य दिया गया है।

उर्जा नगर से मिलेगी सियासी उर्जा

अरुण साव ने कहा- देश के गृहमंत्री अमित शाह का कोरबा प्रवास इस ऊर्जा नगरी और प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। अमित शाह 7 जनवरी को कोरबा में जन सभा को संबोधित करेंगे, और मां सर्व मंगला का अशीर्वाद लेंगे। इसके बाद कोरबा लोकसभा के कोर ग्रुप की बैठक लेंगे। भाजपा के सभी पदाधिकारी इस कार्यक्रम को एतिहासिक बनाने में लगे हैं। इसकी पूरी तैयारी चल रही है, अलग-अलग कामों के लिए समितियां बनाई गई हैं, 4 जिलों के सभी मंडलों से लोग यहां जुटेंगे।
*श्री शाह करेंगे रणनीतिक चर्चा*

कोरबा लोकसभा इस वक्त कांग्रेस के खाते में है। भाजपा ऐसी जगहों पर फोकस कर रही है जहां उन्हें जीत हासिल करनी है। एक तरह से प्रदेश में चुनावी शंखनाद केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोरबा से करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद अमित शाह ही भाजपा के सबसे बड़े स्टार प्रचारक व रणनीतिकार भी हैं। यहां पार्टी के लोगों से रणनीतिक चर्चा करेंगे। प्रदेश की सियासी परिस्थितियों का जायजा लेंगे।

प्रदेश के नेता कोरबा में जमे

छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल व प्रदेश के संगठन महामंत्री पवन साय दो दिन से यहां चारों विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी कोर ग्रुप से चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने यहां की राजनैतिक परिस्थितियों व मुद्दों को समझा है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 जनवरी को जिले के प्रवास पर पहुंचेंगे। उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम तय हो गया है। इस दिन दोपहर 3 बजे बिलासपुर के चकरभांठा एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से दोपहर 3.25 बजे कोरबा पहुंचेंगे। शहर के हेलीपेड ग्राउंड में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। शाम दोपहर 3.35 बजे शहर के मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचेंगे। दोपहर 3.45 तक का समय दर्शन व पूजन के लिए आरक्षित किया गया है। इसी दिन दोपहर 3.55 बजे केंद्रीय गृहमंत्री शाह इंदिरा स्टेडियम परिसर में जनरल मीटिंग लेने के बाद यहां से शाम 4.30 बजे प्रस्थान करेंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!