
चक्रधरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 75 के रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग के चक्रधरपुर के पोटका उलीडीह के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई । घटना सोमवार रात लगभग दो बजे की है।
बताया जाता है कि चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के चंद्री गांव निवासी 20 वर्षीय बिभु बारला व उसका चचेरा भाई 22 वर्षीय बुधराम सरदार सोमवार देर रात को पोटका में आयोजित छऊ नृत्य सह मेला देखकर स्कूटी से अपने गांव चंद्री लौट रहे थे। इसी दौरान पोटका उलीडीह के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को रौंद डाला। देर रात होने तथा निर्जन सड़क पर पड़े घायल दोनों युवक छटपटाते रहे लेकिन मदद के लिए कोई पास नहीं आया। काफी देर के बाद कुछ लोगों के द्वारा इसकी जानकारी थाना में दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसके पार्ट पुर्जे सड़क पर बिखरे पड़े थे। घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा देर रात ही चक्रधरपुर थाना को दे दी गई थी। लगभग रात ढाई बजे सड़क पर पड़े बिभु बारला व बुधराम सरदार को चक्रधरपुर के अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मंगलवार सुबह चक्रधरपुर के अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। वहां परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विजय मेलगांडी सहित कई लोग अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से पूरी जानकारी ली। साथ ही चक्रधरपुर में आए दिन हो रहे। सड़क हादसों पर पुलिस-प्रशासन को रोक लगाने की बात कही। इधर सड़क दुर्घटना में चंद्री गांव के दो युवकों की मौत होने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। इधर पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक घटना को अंजाम देने वाले वाहन अथवा चालक को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था।



















