
नई दिल्ली, एजेंसी। चक्रवाती तूफान असानी धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। बुधवार देर रात यह आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और नरसापुर के बीच कमजोर होकर गहरे दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, असानी के कारण कई स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि तटीय आंध्र प्रदेश पर गहरा दबाव क्षेत्र पिछले 6 घंटों के दौरान व्यावहारिक रूप से स्थिर रहा और उसी क्षेत्र में कमजोर हो गया। अगले 12 घंटों के दौरान इसके तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास मंडराने और कमजोर होने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बताया गया कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। दरअसल, चक्रवात असानी कमजोर होकर एक गहरे दबाव में बदल गया है, जो आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों के आसपास केंद्रित है।



















