
अंबिकापुर/उदयपुर– सरगुजा जिला के विकासखंड उदयपुर के महिला उत्थान कल्याण समिति उदयपुर को नेहरू युवा केंद्र सरगुजा की जिला युवा अधिकारी अनिरुद्ध सिंगारे के हाथों जिला स्तर पर उत्कृष्ट जिला युवा मंडल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार नेहरू युवा केंद्र के द्वारा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट युवा मंडल को दिया जाता है। महिला उत्थान कल्याण समिति उदयपुर के द्वारा पिछले सत्र 2021-22 में उदयपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य, पर्यावरण , स्वच्छता, डिजिटल वित्तीय साक्षरता ,राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस /सप्ताह का सामाजिक जागरूकता और उत्सव, व्यवसायिक प्रशिक्षण और रोजगार सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य कार्यक्रम जैसे महिला सशक्तिकरण, वैक्सीनेशन जागरूकता जैसे अनेकों गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को ग्राम वासियों को जागरूक किया गया। महिला उत्थान कल्याण समिति के अध्यक्ष सरिता महंत एवं समस्त सदस्य द्वारा सराहनीय कार्य करने पर जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ जिला युवा मंडल पुरस्कार 25 हजार रुपए नगद एवं प्रशस्ति पत्र देकर शनिवार को नेहरू युवा केंद्र सरगुजा द्वारा सम्मानित किया गया।
नेहरू युवा केंद्र सरगुजा द्वारा पंजीकृत युवा मंडलों में से महिला उत्थान कल्याण समिति मंडल ने अपना पहचान काम करके बनाया है। जिला स्तर पर अवार्ड से सम्मानित होने के लिए जिला युवा अधिकारी अनिरुद्ध सिंगारे का मार्गदर्शन युवा मंडल सदस्यों को मिलता रहा है साथ ही युवा अधिकारी ने युवा मंडल सदस्यों को जिला स्तर अवार्ड से सम्मानित होने पर बधाई देते हुए कहा की वास्तव में इस युवा मंडल ने सर्वश्रेष्ठ कार्य किया है और अपना कार्यालय के माध्यम से युवा गतिविधियों पंचायत में संचालित करते हैं। ऐसा युवा मंडल बहुत कम नजर आते हैं हर गतिविधि को पूरे मेहनत और लग्न से निस्वार्थ भावना से करते हैं उसका पुरस्कार आज इन्हें मिला है।
युवा कार्यकर्ता सरिता महंत के नेतृत्व में महिला उत्थान कल्याण समिति उदयपुर का सराहनीय योगदान रहा । महिला उत्थान कल्याण समिति को पुरस्कार मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए समिति के सदस्यों ने दुगनी ऊर्जा से आगे भी समाज सेवा का कार्य लगातार करने का संकल्प लिया। विदित हो की महिला उत्थान कल्याण समिति 2020 से पंजीकृत संस्था है । वर्तमान में समिति से अंबिकापुर लखनपुर और उदयपुर ब्लॉक से लगभग 2 हजार महिला सदस्य जुड़कर समाज सेवा का कार्य लगातार कर रही है।



















