
भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना में शादी समारोह के दौरान मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों ने समारोह में शामिल वर-दुल्हन के 15 से लेकर 20 लोगों को घायल कर दिया। मामला इतना बिगड़ गया कि चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। गार्डन के होटल की खिड़कियों के बाहर छोटे-बड़े 20 से ज्यादा मधुमक्खियों के छत्ते लगे हैं।
शहर की श्रीरामलीला एवं दशहरा पर्व समिति अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल की बेटी की शादी थी। इसके लिए उन्होंने 17 एवं 18 फरवरी के लिए कस्तूरी गार्डन और होटल को बुक किया था। इस होटल में वर पक्ष के लोग भी आ चुके थे।शनिवार को शादी की रस्में चल रही थी। सुबह तो लोगों ने इधर-उधर भागकर खुद को बचा लिया। लेकिन दोपहर और शाम में मेहमान मधुमक्खियों के आंतक से बच नहीं पाए। मधुमक्खियों ने दुल्हन के पिता प्रमोद अग्रवाल को भी अपना शिकार बना लिया।



















