जयपुर। राजस्थान में इन दिनों राजनीतिक पार्टियां खूब जोरों से प्रचार-प्रसार में लगी हुई हैं। इस बीच भाजपा ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा के मुताबिक कांग्रेस नेता के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की गई है।

भाजपा के एक प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ ने राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त के पासशिकायत दर्ज कराई है। भाजपा ने प्रियंका गांधी पर शुक्रवार को दौसा के सिकराय गांव में एक सार्वजनिक बैठक में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया।

भाजपा नेता राठौड़ ने एक्स पर कहा कि आज भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त, निर्वाचन विभाग, राजस्थान से मुलाकात कर उनसे कल 20 अक्टूबर को दौसा में आयोजित सभा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाद्रा द्वारा दिए गए सार्वजनिक भाषण में धार्मिक भावनाओं के आधारों पर आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने, माननीय प्रधानमंत्री के संबंध में मिथ्या कथन दुर्भावनापूर्ण किये जाने के गंभीर प्रकरण के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण तरीके से गलत बयान देने के गंभीर मामले के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को अपनी सिकराय सार्वजनिक रैली में आरोप लगाया था कि भाजपा सिर्फ सत्ता में बने रहना चाहती है और उसे लोगों के कल्याण की कोई परवाह नहीं है।

प्रियंका ने शुक्रवार को सिकराय में जनसभा को संबोधित किया था। इसमें उन्होंने धर्म की राजनीति को लेकर भाजपा नेताओं पर हमला बोला था। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि जब-जब चुनाव आता है तो धर्म और जाति की बात करते हैं। धर्म की रक्षा, धर्म को आगे बढ़ाने की बात से कोई हिंदुस्तानी नकार नहीं सकता। यह ऐसी चीज है जिससे हम सब के जज्बात जुड़े हुए हैं। लेकिन आपको समझना पड़ेगा कि ये बात चुनाव के समय क्यों उठ रही है…और चुनाव के समय आपके विकास की बातें क्यों नहीं की जा रही है?

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!