
कोरबा: छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी अब इलेक्शन मोड में नजर आने लगी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अरुण साव ने रविवार को कोरबा में इस आशय का संकेत दिया। उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का भी दावा किया।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार बनी सभी विकास कार्य ठप्प पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में केवल केंद्र सरकार की योजनाओं पर ही काम हो रहा है। राज्य की कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र के एक भी वादा को पूरा नहीं किया है। उसने सभी वर्गों को केवल ठगने का काम किया है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार और पार्टी नेताओं द्वारा स्वयं को भगवान राम से जोड़कर किए जा रहे हैं प्रचार प्रसार के सवाल पर उन्होंने कहा कि भगवान राम सबके हैं। अपनी आस्था और श्रद्धा के साथ सभी को भगवान राम की पूजा आराधना करने का अधिकार है। लेकिन कांग्रेस के परिप्रेक्ष्य में यह भी देखा जाना चाहिए कि पूर्व में उनका आचरण कैसा था। कांग्रेस ने रामसेतु के मामले में भगवान राम को काल्पनिक बताया था। अयोध्या में भगवान राम के मंदिर निर्माण का विरोध किया था। लेकिन चुनाव आने पर मंदिर पहुंचकर जनेऊ भी धारण किया गया।उन्होंने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी का वादा करने वाली सरकार अपने वादे से मुकर गई है और उसने शराब घोटाला कर दिया है। प्रदेश में 2000 करोड़ रुपिया का शराब घोटाला किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भाजपा का मतदान केंद्र स्तर तक मजबूत संगठन है। पार्टी छत्तीसगढ़ में मजबूत है और पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी में जुटा हुआ है।



















