
अम्बिकापुर: सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा सभी जनपद पंचायत मुख्यालयांं में विकास खंड स्तरीय विकास छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को जनपद पंचायत उदयपुर में विकास खंड स्तरीय विकास छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष भोजवंती सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजनाथ सिंह, सरपंच सोनश्री सिंह एवं उपसरपंच शेखर कुमार सिंहदेव सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।
छायाचित्र प्रदर्शनी देखने आए ग्राम सलका के श्री बागेश्वर एवं ग्राम करौंदी के सोमारू ने विकास प्रदर्शनी को जानकारी से भरपूर बताते हुए कहा कि इससे दूर-दराज के ग्रामीणों को भी शासन की योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल पाएगी। इसके साथ ही प्रदर्शनी में ज्ञानवर्धक पत्रिका एवं विभिन्न प्रकार के पम्पलेट भी दिया जा रहा है।प्रदर्शनी में आकर्षक सनबोर्ड के माध्यम से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, लोक परम्पराओं और संस्कृति का उजास, आधुनिक शिक्षा से आसमान छुएंगे नौनिहाल, राम वन गमन पथ, धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना, संसाधनों के वैल्यू एडिशन से औद्योगिक विकास, जल जीवन मिशन, नई प्रशासनिक इकाईयों की शुरुआत, जन सशक्तिकरण से आर्थिक विकास और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही वनोपज खरीदी आदि योजनाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका जनमन एवं राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी वाले पॉम्पलेट का निःशुल्क वितरण ग्रामीणों को किया गया। विकासखंड स्तरीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन 22 दिसंबर बुधवार को लखनपुर जनपद में किया जाएगा।



















