
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दोनों सीटों पर जीत हासिल की। इसके बाद से ये सवाल बना हुआ था कि राहुल गांधी कौन सी सीट से सांसद रहेंगे और किस सीट को वह छोड़ेंगे। ऐसे में आज इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पार्टी के तमाम बड़े नेताओं की एक बैठक हुई। इस बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और के सी वेणुगोपाल भी शामिल हुए। काफी देर तक ये बैठक चली, जिसमें आखिरकार इस पर निर्णय लिया गया कि राहुल गांधी रायबरेली सीट से सांसद होंगे।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को लेकर बहुत बड़ी खबर सामने आई है। वह केरल के वायनाड से लोकसभा का उपचुनाव लड़ेंगी। इस बात की पुष्टि खुद राहुल गांधी ने की है। बता दें कि राहुल गांधी ने यूपी के रायबरेली और केरल के वायनाड से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उन्हें दोनों सीटों पर जीत मिली थी। ऐसे में उन्होंने रायबरेली की सीट को अपने पास रखा और वायनाड को छोड़ दिया। राहुल के वायनाड छोड़ने की वजह से यह सीट खाली थी और यहां पर उपचुनाव होगा। इसी उपचुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी।



















