
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में कुटरचित दस्तावेजों और फर्जी गवाहों के जरिए भूमि विक्रय के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ मिलीभगत करने वाले दो गवाहों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार प्रेमबाई (47 वर्ष) निवासी जजगी, लखनपुर ने 4 अगस्त 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई छतर राम ने पिता की मृत्यु के बाद उनकी भूमि को धोखाधड़ी से फर्जी रजिस्ट्री कर अन्य व्यक्ति को बेच दिया। आरोप है कि छतर राम ने एक अन्य महिला, जिसका नाम भी प्रेमबाई है, को अपनी बहन बताते हुए रजिस्ट्री के दौरान खड़ा किया। इस मामले में पहले ही छतर राम और फर्जी विक्रेता प्रेमबाई को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने जांच के दौरान रजिस्ट्री के गवाहों श्रीचंद गढ़ेवाल (28 वर्ष) और भगवती यादव (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में श्रीचंद ने स्वीकार किया कि वह मुख्य आरोपी छतर राम का रिश्तेदार है और पैसे के लालच में गवाही दी थी। भगवती ने बताया कि कोर्ट में छतर राम से जान-पहचान के बाद उसने भी पैसे के लालच में गवाही दी। थाना प्रभारी अश्वनी सिंह के नेतृत्व में मामले में धारा 420, 467, 468, 471, 120(बी), 201, 34 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए हैं।



















