
महाराष्ट्र: मुम्बई पुणे ओल्ड हाईवे पर भीषण दुर्घटना की खबर है, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के खोपोली इलाके में शिंगरोबा मन्दिर के पीछे हाईवे से जा रही एक निजी बस 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में 30 से 35 लोग सवार थे। रायगढ़ के एसपी ने जानकारी दी है कि खोपोली इलाके में एक बस के खाई में गिर जाने से अबतक 12 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक घायल हो गए हैं। बचाव अभियान जारी है। दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए हाइकर्स ग्रुप, आईआरबी की टीम मौजूद है। निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को मदद के लिए बुलाया गया है।
जानकारी के मुताबिक बस 150 फीट की गहरी खाई मे गिर गई है। बस को क्रेन में रस्सी बांध कर बाहर निकाला जा रहा है। मौके पर स्थानीय पुलिस, एम्बुलेंस, डॉक्टर्स की टीम, फायर ब्रिगेड की टीम बचाव कार्य मे जुटी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक 22 /23 लोगों को अब तक बचा लिया गया है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, बचाव कार्य जारी है। बस में गोरेगाव इलाके के एक संस्था से जुड़े लोग बैठे थे जो पुणे में एक कार्यक्रम के लिए गए थे और पुणे से वापस लौट रहे थे।
गोरेगांव (मुंबई) से बाजी प्रभु वादक ग्रुप (झांझ टीम) एक निजी बस से पुणे में कार्यक्रम खत्म कर गोरेगांव जा रहे थे। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे ने बताया कि हादसा इसी वक्त हुआ।
बस पुणे से मुंबई जा रही थी तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया। अब तक 25 घायल यात्रियों को निकाल लिया गया है। बस में फंसे यात्रियों को निकालने का काम युद्धस्तर पर जारी है। बताया जा रहा है कि अभी भी 15 से 20 यात्री घाटी में फंसे हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी मिली है कि इस बस में कुल 40 से 45 यात्री सवार थे।



















