
बलरामपुर: शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज रामानुजगंज में अल्ट्राटेक सीमेंट कम्पनी द्वारा कैरियर गाइडेंस एवं सीमेंट निर्माण के संबंध में तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य संस्था के छात्र-छात्राओं में भविष्य में सीमेंट उद्योग में कैरियर संबंधित जागरूकता एवं जानकारी प्रदान करना था।
इस अवसर पर अल्ट्राटेक सीमेंट कम्पनी के सरगुजा संभाग के टेक्निकल मैनेजर द्वारा पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्राओं को सीमेंट मैनुफैक्चरिंग प्रोसेस के बारे में जानकारी दी गई। और साथ ही यह बताया गया कि फैक्ट्री के अंदर सीमेंट कैसे तैयार होता है तथा कौन-कौन से कच्चे माल की आवश्यकता होती है। अल्ट्राटेक के कुछ और प्रोडक्ट के बारे में जानकारी दी गयी जिसमें अल्ट्राटेक दीमकरोधी केमिकल को कैसे उपयोग किया जाता है वीडियो के माध्यम से बताया गया। सीमेंट की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उसका सही तरीके से भंडारण करना बहुत महत्वपूर्ण है। इसे नमी रहित वातावरण में संग्रहित किया जाना चाहिए। सीमेंट बैग की अवधि एवं मैन्युफैक्चरिंग तिथि चेक करना बताया गया। इसके साथ ही साथ विभिन्न प्रकार के सीमेंट जैसे कि पोर्टलैंड पाजोलाना सीमेंट, पोर्टलैंड स्लैग सीमेंट एवं रैपिड हार्डनिंग सीमेंट के बारे में भी जानकारी दी गई। सीमेंट के परीक्षण जैसे कि उसकी कन्सीस्टेन्सी टेस्ट, टेन्साइल स्ट्रेन्थ तथा कम्प्रेसिव स्ट्रेन्थ टेस्ट एवं उनके महत्व के बारे में समझाया गया। कंस्ट्रक्शन साइट पर सीमेंट की गुणवत्ता परीक्षण के लिए सीमेंट के रंग, सीमेंट का तापमान, सीमेंट में गांठ की उपस्थिति सीमेंट की महीनता बारे में भी जानकारी दी गई। इस वर्कशॉप से संस्था के सिविल, इलेक्ट्रिकल तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग के सभी छात्र लाभान्वित हुए एवं सीमेंट उद्योग में रोजगार के अवसर की अत्यन्त महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त किए।
यह कार्यक्रम संस्था के प्राचार्य के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट इंचार्ज द्वारा संचालित किया गया जिसमें सभी व्याख्याताएं एवं छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया।



















