
कांकेर: कांकेर जिले के पखांजूर थाना अंतर्गत मंगलवार सुबह हुई 2 बाइक की जोरदार टक्कर में शिक्षक की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे पखांजूर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पखांजूर के रहने वाले रविंद्र मजूमदार मरोड़ा की प्राथमिक शाला में प्रधान अध्यापक थे। मंगलवार की सुबह वो हर दिन की तरह अपनी बाइक से स्कूल जाने के लिए निकले थे। घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर PV-33 गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर गिरने से उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक को भी गंभीर चोट आई है। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने प्रधानाध्यापक रविंद्र मजूमदार को मृत घोषित कर दिया, वहीं घायल युवक का इलाज अस्पताल में जारी है। उसके चेहरे पर गंभीर चोट आई है।पुलिस ने मृत शिक्षक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।



















